पटना के मरीन ड्राइव पर बड़ी लापरवाही, हैंड ब्रेक लगाना भूले और गंगा नदी में समा गई स्कॉर्पियो, सामने आया वीडियो

Patna Marine Drive Accident: पटना के दीघा मरीन ड्राइव पर बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया, जहां पूजा सामग्री विसर्जन के दौरान हैंड ब्रेक लगाना भूलने से स्कॉर्पियो गंगा नदी में समा गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जानिए कैसे हुआ हादसा, क्या बोले गाड़ी मालिक और मौके पर क्या करती रही भीड़.

Scorpio Viral Video
Scorpio Viral Video

सुजीत कुमार

follow google news

राजधानी के दीघा मरीन ड्राइव के पास एक हैरान कर देने वाला हादसा सामने आया है. यहां गंगा किनारे पूजा सामग्री विसर्जित करने आए एक परिवार की स्कॉर्पियो गाड़ी देखते ही देखते गंगा नदी में समा गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि ढलान पर खड़ी गाड़ी धीरे-धीरे लुढ़कते हुए गहरे पानी में चली गई. इस दौरान मौके पर मौजूद लोग मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाने में व्यस्त दिखे.

Read more!

पूजा सामग्री विसर्जित करने पहुंचे थे श्रद्धालु

मिली जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से बेगूसराय के रहने वाले रामनरेश सिंह जो वर्तमान में पटना के शिवपुरी इलाके में रहते हैं, के घर पर एक पूजा का आयोजन किया गया था. पूजा संपन्न होने के बाद वह अपनी पत्नी के साथ पूजा की बची हुई सामग्री को विसर्जित करने के लिए दीघा के पाटी पुल घाट पर आए थे. वह अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से घाट तक पहुंचे थे और सामग्री निकालने के लिए गाड़ी से उतरे थे.

एक चूक और नदी में समा गई गाड़ी

हादसा उस वक्त हुआ जब रामनरेश सिंह ने अपनी गाड़ी को घाट की ढलान पर खड़ा किया. जल्दबाजी में वह गाड़ी का हैंड ब्रेक लगाना भूल गए. जैसे ही वह और उनकी पत्नी वाहन से नीचे उतरे, ढलान होने के कारण गाड़ी धीरे-धीरे पीछे की ओर लुढ़कने लगी. रामनरेश सिंह ने गाड़ी को रोकने की पूरी कोशिश की और वहां मौजूद लोगों से मदद की गुहार भी लगाई, लेकिन ढलान तेज होने के कारण गाड़ी को रोकना नामुमकिन हो गया और वह सीधे गंगा नदी के गहरे पानी में जा गिरी.

तमाशबीन बने रहे लोग, वीडियो बनाने में जुटे रहे

पीड़ित रामनरेश सिंह ने अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि जब उनकी गाड़ी नदी की ओर लुढ़क रही थी, तो घाट पर कई लोग मौजूद थे. उन्होंने लोगों से मदद मांगी, लेकिन कोई भी आगे नहीं आया. लोग मदद करने के बजाय अलग-अलग एंगल से घटना का वीडियो बनाने और मोबाइल कैमरे सेट करने में लगे रहे. कुछ ही पलों में उनकी आंखों के सामने उनकी करीब 10 साल पुरानी स्कॉर्पियो गाड़ी पूरी तरह से जलमग्न हो गई.

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही दीघा थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. हालांकि, जब तक पुलिस वहां पहुंची, तब तक स्कॉर्पियो गाड़ी गंगा नदी में काफी अंदर तक जा चुकी थी और पूरी तरह डूब गई थी. पुलिस ने मामले की जानकारी ली और गाड़ी को निकालने के प्रयासों पर चर्चा की. यह घटना उन सभी वाहन चालकों के लिए एक सबक है जो ढलान वाली जगहों पर गाड़ी खड़ी करते समय सुरक्षा मानकों जैसे हैंड ब्रेक का इस्तेमाल करने में लापरवाही बरतते हैं.

    follow google news