पटना में जन सुराज नेता अनिल यादव पर हुई फायरिंग के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है. घायल अनिल यादव से मिलने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कानून-व्यवस्था के साथ-साथ जाति की राजनीति को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार में जाति देखकर गोली मारी जा रही है और अपराध की घटनाओं में भी जाति को बहाना बनाया जा रहा है.
ADVERTISEMENT
'जाति देखकर गोली मारी जा रही है'
तेजस्वी यादव ने कहा कि अपराध की घटनाओं में जात-पात की राजनीति नहीं होनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया, 'एक पर्टिकुलर जाति को देखकर गोली मारी जा रही है.' साथ ही उन्होंने कहा कि अगर कोई कांड होता है तो एक जाति को बहाना बनाकर आरोपी बनाया जाता है. हालांकि, तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि वह अपराध के मामलों में जाति की राजनीति के पक्ष में नहीं हैं और जो भी गुनहगार हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.
'पटना में जनप्रतिनिधि सुरक्षित नहीं तो कौन सुरक्षित है?'
अनिल यादव पर हमले को लेकर तेजस्वी यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े घर में घुसकर गोलियां मारी जा रही हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि जब राजधानी पटना में जनप्रतिनिधि सुरक्षित नहीं हैं तो फिर कौन सुरक्षित है? तेजस्वी ने दावा किया कि बिहार में आए दिन गोलीबारी और हत्या जैसी घटनाएं हो रही हैं. उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि उसे जनता की चिंता चुनाव के समय ही होती है.
सम्राट चौधरी सरकार पर भी हमला
तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए जाति और धर्म की राजनीति कर रही है. उन्होंने कहा कि बिहार में जाति-पाति की राजनीति नहीं होनी चाहिए, लेकिन उनके मुताबिक मौजूदा सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए जाति और धर्म के मुद्दों को आगे कर रही है.
अनिल यादव से पुराना परिचय बताया
अस्पताल में अनिल यादव के परिजनों से मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि अनिल यादव से उनका पुराना परिचय है और वह लंबे समय से उनसे जुड़े रहे हैं. उन्होंने डॉक्टरों से भी अनिल यादव की स्थिति के बारे में जानकारी ली. पटना के बुद्धा कॉलोनी इलाके में हुई इस फायरिंग में पुलिस के मुताबिक बाइक सवार हमलावरों ने अनिल यादव पर गोली चलाई और मौके से फरार हो गए. पुलिस CCTV फुटेज समेत दूसरे साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस की जांच में हमले की वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर तस्वीर साफ होना बाकी है. वहीं, इस घटना के बाद तेजस्वी यादव के जाति को लेकर दिए गए बयान ने बिहार में कानून-व्यवस्था के साथ राजनीतिक बहस को भी तेज कर दिया है.
ADVERTISEMENT


