पटना में गैस सिलेंडर की किल्लत? एजेंसी पर जमकर हंगामा, गुस्साए लोगों ने लूट लिए 40 से ज्यादा सिलेंडर, वीडियो वायरल

Gas Cylinder Loot Patna: राजधानी पटना के खाजेकलां इलाके में गैस सिलेंडर की किल्लत से गुस्साए लोगों ने एजेंसी पर हंगामा कर 40 से ज्यादा सिलेंडर लूट लिए. डिलीवरी में देरी, ब्लैक मार्केटिंग के आरोप और बढ़ते तनाव के बीच पुलिस ने स्थिति संभाली है. फिलहाल इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है. जानिए पूरा मामला.

Gas Cylinder Loot Patna
Gas Cylinder Loot Patna

राजेश कुमार झा

follow google news

बिहार की राजधानी पटना के खाजेकलां थाना इलाके के रानीपुर जला क्षेत्र में गैस सिलेंडर को लेकर हाहाकार मचा हुआ है. गैस की भारी किल्लत और डिलीवरी में हो रही देरी से गुस्साए लोगों का सब्र जवाब दे गया और उन्होंने गैस एजेंसी पर धावा बोल दिया. खबर है कि भीड़ ने एजेंसी की गाड़ी से करीब 40 से 50 गैस सिलेंडर लूट लिए. इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त है और पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा है. इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

Read more!

एजेंसी पर मची अफरा-तफरी, मैनेजर ने की लूट की पुष्टि

घटना पटना के जला क्षेत्र की है, जहां पिछले कई दिनों से लोग गैस के लिए लंबी-लंबी कतारों में खड़े थे. एजेंसी के मैनेजर के अनुसार, कल शाम के वक्त अचानक भीड़ बेकाबू हो गई और करीब 40 सिलेंडर लूट लिए गए. मैनेजर का आरोप है कि घटना की सूचना देने के करीब दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची. फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में गैस वितरण कार्य को फिर से शुरू करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन स्थिति अब भी तनावपूर्ण बनी हुई है.

उपभोक्ताओं का छलका दर्द!

गैस एजेंसी पर खड़ी महिलाओं और पुरुषों ने अपनी आपबीती सुनाते हुए एजेंसी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. रमजान का महीना होने के कारण रोजेदार सुबह 5-6 बजे से ही लाइन में लग रहे हैं. उपभोक्ताओं का कहना है कि उनके पास डीएससी (DSC) नंबर होने के बावजूद उन्हें गैस नहीं दी जा रही है. कुछ महिलाओं ने बताया कि वे छोटे बच्चों को घर पर छोड़कर तीन-चार दिनों से चक्कर लगा रही हैं, लेकिन हर बार उन्हें भगा दिया जाता है.

कम गैस और ब्लैक मार्केटिंग के भी आरोप

सिर्फ किल्लत ही नहीं, बल्कि गैस की मात्रा में हेराफेरी और ब्लैक मार्केटिंग की शिकायतें भी सामने आई हैं. एक महिला उपभोक्ता ने बताया कि उन्हें जो सिलेंडर दिया गया, उसमें ढाई किलो गैस कम थी. वहीं, कुछ लोगों का आरोप है कि एजेंसी वाले जानबूझकर सिलेंडर रोक रहे हैं ताकि उन्हें ऊंचे दामों पर ब्लैक में बेचा जा सके. हालात इतने खराब हैं कि लोग लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हैं.

प्रशासन के दावों की खुली पोल

एक तरफ सरकार और प्रशासन दावा कर रहे हैं कि गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर मिलेगा, लेकिन पटना की इस एजेंसी पर लगी भीड़ और मची लूटपाट इन दावों की पोल खोल रही है. लोगों का कहना है कि ऑनलाइन नंबर लगाने के बाद भी उन्हें हफ्तों इंतजार करना पड़ रहा है. पुलिस अब मौके पर मौजूद रहकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है, लेकिन उपभोक्ताओं का गुस्सा कम होने का नाम नहीं ले रहा है.

    follow google news