बिहार की राजधानी पटना से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां दो लड़कियां फिल्मी अंदाज में एक ज्वेलरी शॉप को लूटने पहुंचीं. चेहरे पर मास्क लगाए और जेब में पेपर स्प्रे लेकर आईं इन लड़कियों ने लाखों के जेवर उड़ाने का पूरा प्लान तैयार किया था. हालांकि, दुकानदार की सूझबूझ और फुर्ती के कारण उनका यह प्लान पूरी तरह फेल हो गया और वे खुद ही अपनी बिछाई साजिश के जाल में फंस गईं.
ADVERTISEMENT
ग्राहक बनकर आई थीं लड़कियां
यह पूरी घटना पटना के दीघा थाना क्षेत्र के कुर्जी पुल के पास स्थित 'मां वैष्णवी ज्वेलर्स' की है. मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार (13 जून) को दो युवतियां दुकान में ग्राहक बनकर दाखिल हुईं. उन्होंने दुकान के मालिक राजेश कुमार से कुछ जेवरात दिखाने को कहा. जब दुकानदार उन्हें जेवर दिखाने में व्यस्त हो गए, तभी अचानक एक लड़की ने अपनी जेब से पेपर स्प्रे निकाला और दुकानदार के चेहरे पर छिड़क दिया.
दुकानदार की समझदारी से पलटी बाजी
लड़कियों का मकसद दुकानदार को बेबस करके जेवर समेटना और फरार होना था. लेकिन पेपर स्प्रे के हमले के बावजूद दुकानदार राजेश कुमार ने हिम्मत नहीं हारी. उन्होंने तुरंत खतरे को भांपा और तेजी से भागकर दुकान से बाहर निकल गए. बाहर आते ही उन्होंने फुर्ती से दुकान का शटर गिराकर उसे बाहर से लॉक कर दिया. दोनों युवतियां दुकान के अंदर ही बंद हो गईं और उनका भागने का रास्ता बंद हो गया.
बीच सड़क हाई वोल्टेज ड्रामा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
दुकानदार के शोर मचाने पर आस-पास के लोग और स्थानीय दुकानदार तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए. देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई. दुकान का ताला खोलकर जब दोनों लड़कियों को बाहर निकाला गया, तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. मौके पर मौजूद महिलाओं और अन्य लोगों ने दोनों युवतियों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी. इस पूरे ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
घटना की जानकारी मिलते ही दीघा थाने के थानाध्यक्ष (SHO) अवनीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों युवतियों को भीड़ के चंगुल से बचाया और हिरासत में ले लिया. पुलिस के अनुसार, दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में यह पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है. फिलहाल पुलिस फुटेज को खंगाल रही है और दोनों लड़कियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वे किसी पेशेवर गिरोह का हिस्सा हैं या पहली बार उन्होंने इस तरह के अपराध को अंजाम दिया है.
ADVERTISEMENT


