पटना में कोचिंग पर हमले के पीछे की असली वजह आई सामने? खान सर और रोशन आनंद ने एक-दूसरे पर मढ़े गंभीर आरोप

Khan Sir Coaching Attack: पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए हमले की असली वजह क्या थी? पोस्टर-बैनर विवाद से शुरू हुए इस मामले में खान सर और ज्ञान बिंदु के रोशन आनंद ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं. जानिए CCTV फुटेज, FIR, पुलिस जांच, शिक्षा मंत्री की चेतावनी और कोचिंग संस्थानों के बीच बढ़ते विवाद की पूरी कहानी.

Khan Sir Coaching Attack
Khan Sir Coaching Attack

न्यूज तक

follow google news

बिहार की राजधानी पटना में मशहूर शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए हमले के बाद अब इस पूरे विवाद की असली वजह सामने आने लगी है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, खान सर और ज्ञान बिंदु कोचिंग के रोशन आनंद सर के बीच चल रहे इस विवाद की जड़ कोई बहुत बड़ा मुद्दा नहीं, बल्कि कोचिंग कैंपस के मेन गेट पर पोस्टर और बैनर लगाने को लेकर शुरू हुई थी. दरअसल, बिहार दरोगा सम्मान समारोह के मौके पर दोनों संस्थानों के स्टाफ के बीच पोस्टर लगाने की जगह को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते काफी बढ़ गया. हालांकि, इन दावों पर अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

Read more!

एक ही कैंपस और एक ही गेट से शुरू हुआ पूरा विवाद

सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे मामले की जो नई तस्वीर सामने आ रही है, उसके अनुसार दोनों प्रसिद्ध शिक्षकों के कोचिंग संस्थान एक ही कैंपस में संचालित होते हैं. कैंपस में आने-जाने के लिए मुख्य प्रवेश द्वार भी एक ही है. बताया जा रहा है कि इसी मुख्य गेट पर दोनों संस्थानों द्वारा अपनी-अपनी प्रचार सामग्री और पोस्टर लगाए जाते हैं. बिहार दरोगा सम्मान समारोह के अवसर पर प्रमुखता से पोस्टर लगाने की होड़ में दोनों पक्षों के स्टाफ आमने-सामने आ गए. इस विवाद का एक फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह वहां कहासुनी हुई और पोस्टर फाड़े गए. दोनों ही पक्ष अपने-अपने प्रचार को सबसे आगे रखने की कोशिश कर रहे थे, जिसने माहौल को पूरी तरह गर्मा दिया.

खान सर का बड़ा दावा: 'दो दिन में कोचिंग उड़ाने की मिली धमकी'

इस पूरे घटनाक्रम पर खान सर ने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. खान सर ने बताया कि रात के करीब 10:00 बज रहे थे और कुछ ऑनलाइन बैचेस चल रहे थे, तभी अचानक 'धड़ाम-भड़ाम' की आवाज के साथ गेट टूट गया. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके गार्ड को बेरहमी से पीटा गया, उसका सर फोड़ दिया गया और वह अस्पताल में एडमिट है. खान सर ने दावा किया कि हमलावरों ने धमकी देते हुए कहा कि 'दो दिन के अंदर कोचिंग उड़ा देंगे, तुमको पता चल जाएगा'. 

खान सर ने कहा कि हम बहुत ही कम और किफायती फीस पर गरीब बच्चों को पढ़ाते हैं और हजारों रिजल्ट देते हैं, जिससे ईर्ष्या के कारण राजधानी में दिनदहाड़े ऐसी बचकानी और हिंसक हरकत को अंजाम दिया गया. उन्होंने पुष्टि की है कि इस मामले में नामजद एफआईआर दर्ज करा दी गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करेगी.

रोशन आनंद का पलटवार: 'ज्ञान बिंदु को बर्बाद करने की है बड़ी साजिश'

दूसरी तरफ, ज्ञान बिंदु कोचिंग के रोशन आनंद सर ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे अपने खिलाफ एक बड़ी साजिश करार दिया है. रोशन आनंद ने साफ तौर पर कहा कि यह सब खान सर द्वारा किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि बिहार पुलिस परीक्षा में ज्ञान बिंदु के बेहतरीन रिजल्ट आने की वजह से उन्हें और उनके संस्थान को बदनाम और बर्बाद करने की साजिश रची जा रही है. रोशन आनंद ने यह भी स्पष्ट किया कि मौके पर कोई गोली नहीं चली है, इसके बावजूद झूठ फैलाया जा रहा है कि वहां फायरिंग हुई है. उन्होंने कहा कि वह इस साजिश के खिलाफ खड़े हैं और हमेशा सत्य की ही जीत होगी.

शिक्षा मंत्री सख्त, बोले- कोचिंग संचालकों के लिए बनेगी नई नीति

कोचिंग संस्थानों के बीच वर्चस्व की इस लड़ाई और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कड़ा रुख अपनाया है. शिक्षा मंत्री ने कहा कि वह इस मामले को लेकर डीजीपी से बात करेंगे ताकि पूरे मामले की ठीक से जांच हो सके. उन्होंने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोचिंग संस्थान आपस में प्रतिस्पर्धा के चक्कर में इस तरह की स्थिति पैदा करेंगे, जिससे लॉ एंड ऑर्डर खराब हो, तो सरकार इसे बर्दाश्त नहीं करेगी. 

शिक्षा मंत्री ने घोषणा की कि अगले तीन महीनों के भीतर कोचिंग संचालकों के लिए एक सख्त पॉलिसी लाई जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों को सीधे बैन किया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि नीति बनाने से पहले सभी शिक्षक संस्थानों और जनमत की राय ली जाएगी, लेकिन माहौल खराब करने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा.

यहां देखें वीडियो

पटना में खान सर के कोचिंग के बाहर हुए हमले का एक्सक्लूसिव CCTV फुटेज आया सामने, अब होगा बड़ा खुलासा!

    follow google news