Khan Sir Case: क्या पटना छोड़कर फरार हो गए खान सर? गिरफ्तारी के लिए SIT कर रही ताबड़तोड़ छापेमारी

खान ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक खान सर उर्फ फैजल खान के खिलाफ दर्ज मामले में पटना पुलिस ने तलाश तेज कर दी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए SIT कई जिलों में छापेमारी कर रही है. फायरिंग मामले में गार्डों के कथित बयानों के आधार पर उनके खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है.

खान सर
खान सर

सुजीत कुमार

follow google news

Khan Sir case: बिहार के चर्चित शिक्षक और 'खान ग्लोबल स्टडीज' के संस्थापक खान सर इन दिनों पुलिस जांच के घेरे में हैं. पटना पुलिस की ओर से दर्ज मामले के बाद उनकी तलाश तेज कर दी गई है. पुलिस का दावा है कि फैजल खान फिलहाल अपने नियमित ठिकानों पर नहीं हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (SIT) लगातार कार्रवाई कर रहा है.

Read more!

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय शर्मा ने जानकारी दी है कि मामले की केस डायरी अदालत में जमा कर दी गई है. साथ ही खान सर की तलाश में पटना और आसपास के कई जिलों में लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर नजर बनाए हुए है.

आखिर क्या है पूरा मामला?

पूरा विवाद 2 जून को सामने आए एक कथित हमले से जुड़ा है. उस दिन खान सर के कोचिंग संस्थान 'खान ग्लोबल स्टडीज' पर हमला होने का आरोप लगाया गया था. इस मामले में फैजल खान की शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान से जुड़े रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.

हालांकि मामला यहीं खत्म नहीं हुआ. रौशन आनंद की गिरफ्तारी के बाद ज्ञान बिंदु की ओर से कुछ वीडियो सार्वजनिक किए गए. इन वीडियो में कथित तौर पर खान सर के सुरक्षा गार्ड हथियार से फायरिंग करते दिखाई दिए. वीडियो सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया.

कैसे बढ़ीं खान सर की मुश्किलें?

पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू की और इसके बाद दो सुरक्षा गार्डों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान गार्डों ने पुलिस को बताया कि फायरिंग करने का निर्देश उन्हें खान सर की ओर से दिया गया था. गार्डों के कथित बयान के अनुसार, उन्हें कहा गया था कि गोली चलाओ, बाकी की जिम्मेदारी वह संभाल लेंगे.

इन्हीं बयानों के आधार पर पुलिस ने फैजल खान उर्फ खान सर के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है. इसके बाद से पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है.

जांच पर टिकी सबकी नजर

फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर शिक्षा जगत से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चा तेज है. एक तरफ पुलिस अपनी जांच को आगे बढ़ा रही है, तो दूसरी ओर सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि जांच में आगे क्या नए तथ्य सामने आते हैं. पुलिस का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया के तहत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और उपलब्ध सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: 'JDU बनाने में मैंने भी पसीना...' RLM की बैठक में उपेंद्र कुशवाहा का छलका दर्द, दीपक प्रकाश को लेकर बिहार की सियासत गर्म!

    follow google news