पटना में शराब तस्करी के मामले में पुलिस ने एक युवती को गिरफ्तार किया है. समस्तीपुर की नेहा झा के मामले के बाद अब पटना में एक और युवती के शराब तस्करी के आरोप में पकड़े जाने से मामला चर्चा में है. गिरफ्तार युवती की पहचान रिया के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि रिया प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है और पटना की रहने वाली है. पुलिस के मुताबिक, रिया यूपी से ट्रेन के जरिए शराब की खेप लेकर पटना पहुंची थी. पटना जंक्शन से बाहर निकलने के बाद वह एक युवक के साथ बाइक से जा रही थी. इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस की टीम ने दोनों को पकड़ लिया.
ADVERTISEMENT
बैग खुला तो सामने आई शराब की बोतलें
पुलिस ने जब रिया के हैंड बैग और शोल्डर बैग की तलाशी ली तो उसमें अंग्रेजी शराब की कई बोतलें मिलीं. पुलिस के अनुसार, बरामद शराब की कीमत करीब 14 हजार रुपये है. तलाशी के दौरान बैग से आधा दर्जन से अधिक ब्रांडेड शराब की बोतलें बरामद की गईं. इसके बाद पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर कोतवाली थाना पहुंची और शराब की खेप को जब्त कर लिया.
पैसों के लालच में शराब लाने का दावा
पूछताछ में रिया ने पुलिस को बताया कि उसे एक परिचित युवक ने रुपये देने का लालच दिया था. आरोप है कि उसी परिचित के कहने पर वह यूपी से शराब लेकर पटना पहुंची थी. रिया के मुताबिक, उसे शराब की खेप पटना लाने के बदले पैसे देने की बात कही गई थी. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि रिया को शराब की खेप किसने दी, इसे पटना में किसे पहुंचाना था और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.
पहली बार तस्करी करने का दावा
पुलिस पूछताछ में रिया ने दावा किया है कि वह इससे पहले शराब तस्करी के इस धंधे में शामिल नहीं रही है. वह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है और पटना के एक मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखती है. ASP लॉ एंड ऑर्डर कोतवाली पटना कृष्ण मुरारी प्रसाद के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए युवती और उसके साथी को अवैध अंग्रेजी शराब के साथ पकड़ा गया है. मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है.
अब पुलिस के सामने बड़े सवाल
रिया की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि यूपी से शराब पटना तक पहुंचाने के लिए रिया को ही क्यों चुना गया और इसके पीछे कौन मास्टरमाइंड है? पुलिस इस पहलू समेत अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT


