पटना वालों के लिए आई गुड न्यूज! अब ISBT पहुंचने में नहीं लगेगा लंबा समय, खुला नया मेट्रो स्टेशन, जानिए कितना लगेगा किराया

अनिकेत कुमार

02 Jul 2026 (अपडेटेड: Jul 2 2026 5:03 PM)

Patna Metro Fare: पटना वासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है क्योंकि मुख्यमंत्री ने मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन कर इसे जनता को सौंप दिया है. अब सुबह 8 से रात 8 बजे तक मात्र 15 से 30 रुपये के किफायती किराए में लोग बाईपास के जाम से बचकर सफर कर सकेंगे.

पटना मेट्रो को लेकर आई सबसे बड़ी खुशखबरी
पटना मेट्रो को लेकर आई सबसे बड़ी खुशखबरी
Google CTA

Patna Metro New Station: बिहार की राजधानी पटना के लोगों का वर्षों पुराना सपना साकार हो गया है और शहर के अंदर मेट्रो ने रफ्तार पकड़ ली है. मुख्यमंत्री द्वारा मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन को आम जनता के लिए समर्पित किए जाने के बाद अब इस रूट पर परिचालन का दायरा बढ़ गया है. अब मेट्रो केवल भूतनाथ तक नहीं, बल्कि मलाही पकड़ी स्टेशन तक दौड़ रही है. गुरुवार शाम के 4 बजे के बाद से इस नए स्टेशन से आम लोगों के लिए मेट्रो सेवा आधिकारिक तौर पर शुरू की जा चुकी है.  इस सुविधा के शुरू किए जाने से स्थानीय यात्रियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है.

Read more!

बाईपास के भीषण जाम और प्रदूषण से मिलेगी मुक्ति

पटना के बाईपास इलाके में लगने वाले घंटों के लंबे जाम से यहां का हर नागरिक अच्छी तरह वाकिफ है. इस जाम और धूल-प्रदूषण के कारण लोगों को न केवल शारीरिक नुकसान पहुंचता था, बल्कि मानसिक परेशानी और थकान का भी सामना करना पड़ता था. अब मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन के चालू हो जाने से लोगों को इस दर्दनाक जाम से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी. अब लोग बहुत ही कम समय में बेहद आरामदायक और सुविधाजनक तरीके से अपनी यात्रा पूरी कर सकेंगे.

सुबह 8 से रात 8 बजे तक उठाएं सेवा का लाभ

पटना मेट्रो की पीआरओ अर्चना खुशी के अनुसार, आज शाम 4:00 बजे से इस रूट को आम जनता के सफर के लिए पूरी तरह ओपन कर दिया गया है. अब नियमित तौर पर लोग सुबह 8:00 बजे से लेकर रात के 8:00 बजे तक मेट्रो सेवा का लाभ उठा सकेंगे. मलाही पकड़ी स्टेशन के जुड़ने के बाद अब कुल पांच स्टेशनों पर मेट्रो का परिचालन हो रहा है. इससे उन यात्रियों को सबसे ज्यादा फायदा होगा जिन्हें नए बस स्टैंड (आईएसबीटी) या भूतनाथ की तरफ सफर करना होता है.

बेहद किफायती है सफर, जानें पूरा किराया चार्ट

आम लोगों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए मेट्रो का किराया बेहद किफायती रखा गया है. मेट्रो प्रशासन के मुताबिक, 3 किलोमीटर तक के सफर के लिए यात्रियों को मात्र ₹15 का टिकट लेना होगा. वहीं, अगर आपकी यात्रा 3 किलोमीटर से अधिक की है तो उसके लिए अधिकतम ₹30 का किराया निर्धारित किया गया है. यानी अब कोई भी यात्री मलाही पकड़ी स्टेशन से जीरो माइल या नए बस स्टैंड तक का सफर महज ₹30 खर्च करके आसानी से तय कर सकता है.

पूरे बिहार के लिए गर्व और ऐतिहासिक पल

महानगरों की तर्ज पर पटना में मेट्रो का दौड़ना सिर्फ इस शहर के लिए नहीं बल्कि पूरे बिहार के लिए एक गर्व की बात है. दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों में मेट्रो देखकर बिहार के लोग हमेशा यह इंतजार करते थे कि उनके अपने शहर में यह सुविधा कब आएगी. सरकार और मेट्रो की पूरी टीम के बरसों के निरंतर प्रयासों के बाद जनता का यह बड़ा सपना आज सच साबित हुआ है. मेट्रो प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी इस नेटवर्क को आगे बढ़ाने का काम इसी तरह लगातार जारी रहेगा.

यह भी पढ़ें: भरत तिवारी एनकाउंटर के आरोपी SDPO को मिली नई पोस्टिंग, फैसले से बिहार में छिड़ा नया बवाल