पटना MLC चुनाव मतगणना केंद्र के बाहर जबरदस्त हंगामा: कर्मचारियों से छीने गए दस्तावेज

अनिकेत कुमार

27 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 27 2026 1:13 PM)

मतगणना परिसर से बाहर फाइलों का बंडल लाते ही समर्थकों ने कर्मचारियों को घेरा, सिटी एसपी की मौजूदगी में पुलिस ने संभाला मोर्चा।

NewsTak
Google CTA

बिहार विधान परिषद (MLC) की स्नातक और शिक्षक सीटों के लिए चल रही मतगणना के दौरान राजधानी पटना से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। मतगणना केंद्र के बाहर उस वक्त स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब अंदर मौजूद कर्मचारियों के पास से सरकारी फाइलों का बंडल बाहर लाया गया।  

Read more!

 कर्मचारियों को घेरकर छीनी मोटरी


मिली जानकारी के अनुसार, मतगणना परिसर के भीतर से दो कर्मचारी कुछ फाइलें और बंडल लेकर बाहर की तरफ आ रहे थे। बाहर मौजूद समर्थकों और लोगों की नजर जैसे ही उन पर पड़ी, उन्होंने कर्मचारियों को चारों तरफ से घेर लिया। फाइलों की गोपनीयता पर सवाल उठाते हुए लोगों ने कर्मचारियों के हाथ से बंडल जबरन छीन लिया और उसे वहीं सड़क पर खोल दिया।

सड़क पर बिखरे कागजात, जमकर हुई नारेबाजी


कागजात बाहर आते ही वहां मौजूद भीड़ का गुस्सा भड़क गया। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए "फर्जी वोट" और "वोट चोर" के तीखे नारे लगाने शुरू कर दिए। लगभग 10 से 15 मिनट तक मतगणना स्थल के बाहर भारी अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।   जो दस्तावेज सड़क पर खुले पाए गए, उन पर 'बिहार विधान परिषद स्नातक निर्वाचन पोल्ड मत पेटिका संग्रहण पंजी' अंकित था। इन फाइलों में मतदान केंद्रों की सूची के साथ-साथ कई अधिकारियों व कर्मियों के हस्ताक्षर और संपर्क नंबर दर्ज थे।  

भारी पुलिस बल तैनात, जांच शुरू

हंगामे की सूचना मिलते ही पटना के सिटी एसपी सहित आला प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उग्र लोगों को शांत कराया।प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि संवेदनशील मतगणना केंद्र के अंदर से ये गोपनीय दस्तावेज बाहर कैसे लाए जा रहे थे और इसके पीछे किसकी लापरवाही थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मतगणना केंद्र के बाहर सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी गई है।