पत्नी के बाहर अफेयर का शक था, सास पर निकाला गुस्सा... पटना हत्याकांड की कहानी चौंका देगी

सुजीत कुमार

01 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 1 2026 9:26 AM)

पटना के एयरपोर्ट थाना इलाके में 29 अक्टूबर को हुई 55 वर्षीया उर्मिला देवी की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. पुलिस ने मृतका के दामाद मुकेश को गिरफ्तार किया है. आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी का अवैध संबंध है और सास इसमें मदद करती है, इसी रंजिश में उसने हत्या की.

Patna
Patna
Google CTA

पटना के एयरपोर्ट थाना इलाके से एक खबर आई है. यहां चैली रोड के पास 29 अक्टूबर को 55 साल की उर्मिला देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उर्मिला देवी एक अस्पताल में काम करती थीं. पुलिस ने अब इस मर्डर मिस्ट्री की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है और मामले में उर्मिला देवी के दामाद मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है.

Read more!

कहानी का पूरा बैकग्राउंड

29 अक्टूबर को जब उर्मिला देवी को गोली मारी गई, तब मौके पर हमलावर की पहचान नहीं हो पाई थी. मामला गंभीर था, तो पुलिस एक्शन में आई. सचिवालय-01 एसडीपीओ की अगुवाई में एक स्पेशल टीम बनाई गई. पुलिस ने जब अपने तंत्र और गुप्त सूचनाओं के आधार पर छानबीन आगे बढ़ाई, तो शक की सुई सीधे उर्मिला देवी के दामाद मुकेश कुमार पर जाकर टिक गई.

हत्या की वजह क्या निकलकर आई?

पुलिस के मुताबिक, इस पूरी वारदात के पीछे शक का एक बड़ा ताना-बाना है. दामाद मुकेश को शक था कि उसकी पत्नी का किसी दूसरे शख्स के साथ अफेयर चल रहा है. सिर्फ इतना ही नहीं, मुकेश का मानना था कि उसकी सास यानी उर्मिला देवी अपनी बेटी को उसके प्रेमी से मिलने-जुलने में मदद करती हैं. इसी शक के जाल में उलझकर उसने अपनी सास की जान ले ली.

छापेमारी और गिरफ्तारी की इनसाइड स्टोरी

मामला पक्का होते ही पुलिस ने आरोपी मुकेश के फ्लैट पर रेड मारी. वहां से पुलिस को जो मिला, उसने होश उड़ा दिए. फ्लैट की तलाशी के दौरान 21 जिंदा कारतूस और एक चाकू बरामद हुआ. इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी तेज की और 30 अक्टूबर की देर रात करीब 1:30 बजे खगौल थाना क्षेत्र से मुकेश कुमार को धर दबोचा.

पुलिस ने बताया है कि पकड़े गए आरोपी मुकेश का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है. फिलहाल पुलिस हिरासत में उससे सख्ती से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस पूरे हत्याकांड में क्या किसी और की भी भूमिका थी.