बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा और अभिनेत्री तमन्ना भाटिया अपनी आगामी फिल्म 'द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' के प्रमोशन के लिए पटना पहुंचे. इस दौरान दोनों कलाकारों ने एक निजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया और फिल्म के गाने 'समझो ना' पर डांस कर युवाओं का मनोरंजन किया.
ADVERTISEMENT
महावीर मंदिर पहुंची फिल्म की टीम
फिल्म प्रमोशन के दौरान सिद्धार्थ मल्होत्रा, तमन्ना भाटिया और निर्माता एकता कपूर पटना जंक्शन स्थित प्रसिद्ध महावीर मंदिर पहुंचे. यहां सभी ने पूजा-अर्चना की और हनुमान जी का आशीर्वाद लिया.
श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल ने एकता कपूर, तमन्ना भाटिया और सिद्धार्थ मल्होत्रा को मंदिर की कॉफी टेबल बुक भेंट की. इसके साथ ही सभी को मंदिर की ओर से रामनामा भी दिया गया.
बिहार की लोककथा से जुड़ी है फिल्म की कहानी
'द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' की कहानी बिहार के एक रहस्यमयी जंगल और उससे जुड़ी लोककथाओं पर आधारित बताई जा रही है. फिल्म में एक ऐसे शहरी व्यक्ति की कहानी दिखाई गई है, जो अपने पुश्तैनी गांव लौटता है और जंगल से जुड़े पुराने विश्वासों को नहीं मानता.
कहानी में उस समय बड़ा मोड़ आता है, जब वह जंगल से जुड़ी एक पुरानी शक्ति को जगा देता है. इसके बाद उसे अपने लोगों की रक्षा करने की जिम्मेदारी उठानी पड़ती है. फिल्म में छठ पूजा की झलक भी देखने को मिलेगी.
मां वनदेवी महाधाम भी पहुंची टीम
फिल्म की टीम ने पटना जिले के बिहटा प्रखंड के कंचनपुर गांव स्थित मां वनदेवी महाधाम में भी पूजा-अर्चना की. निर्देशक दीपक मिश्रा और निर्माता एकता कपूर समेत टीम के सदस्यों ने मंदिर में पूजा की और मां को चुनरी चढ़ाई.
मंदिर प्रशासन की ओर से फिल्म की टीम को सम्मानित किया गया. हालांकि, इस दौरान सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया मौजूद नहीं थे.
25 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म
'द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया के अलावा मनीष पॉल, श्वेता तिवारी, सुनील ग्रोवर और अनूप सोनी जैसे कलाकार भी नजर आएंगे. फिल्म को एक्शन, मिस्ट्री और थ्रिलर के तौर पर पेश किया गया है.
ADVERTISEMENT


