Patna Liquor Smuggler Arrested:बिहार की राजधानी पटना में पढ़ाई करने पहुंचा एक छात्र अचानक शराब की तस्करी के धंधे में उतर गया. यह युवक शराब छिपाने के लिए ऐसे-ऐसे तरीके अपनाता था कि पहली नजर में कोई अंदाजा भी नहीं लगा पाए. कभी मिठाई के डिब्बे में, कभी टी-शर्ट के अंदर तो कभी अंडरवियर में बोतलें छिपाकर वह शहर में शराब की खेप पहुंचा रहा था. लेकिन पुलिस की एक मुस्तैद चेकिंग ने इस पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया. बागीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर पटना में इन दिनों सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत पुलिस हर संदिग्ध पर पैनी नजर रख रही है.
ADVERTISEMENT
कैब को रोककर जब पुलिस ने ली तलाशी
यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के हनुमान मंदिर टीओपी के पास का है. पुलिस यहां से गुजरने वाले सभी वाहनों की तलाशी ले रही थी. इसी बीच पटना जंक्शन की तरफ से आई एक कैब को पुलिस ने जांच के लिए रोका. कार के अंदर बैठे युवक की हरकतें और गतिविधियां पुलिस को कुछ संदिग्ध लगीं. शक होने पर पुलिस ने युवक को कार से नीचे उतारा और उसकी तलाशी लेनी शुरू कर दी. पुलिस ने उसके सामान और कपड़ों की जांच की तो सामने आई हकीकत ने सबको चौंका दिया.
शर्ट और मिठाई के डिब्बे से निकली शराब
तलाशी के दौरान पुलिस को युवक के पास से शराब की बोतलें बरामद हुईं. आरोपी ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए शराब को अपनी शर्ट के अंदर, अंडरवियर में और मिठाई के डिब्बे में बेहद शातिर तरीके से छिपा रखा था. पहली नजर में देखकर किसी को भी शक होना नामुमकिन था, लेकिन पुलिस की सख्त चेकिंग के आगे उसकी यह चालाकी धरी की धरी रह गई. मौके से अवैध शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने युवक को तुरंत हिरासत में ले लिया और उसे गिरफ्तार कर थाने ले आई.
कटिहार का रहने वाला है आरोपी सुधांशु
पुलिस की गिरफ्त में आए इस युवक की पहचान कटिहार निवासी सुधांशु झा के रूप में हुई है, जो रणधीर झा का बेटा है. वह कटिहार के नगर थाना इलाके के अफसर कॉलोनी का रहने वाला है. पूछताछ में सामने आया कि वह पटना के बोरिंग रोड इलाके में एक किराए के मकान में रहता है. वह पटना में पढ़ाई करने के लिए आया था और जल्द ही जैन कॉलेज में बीकॉम में एडमिशन लेने की तैयारी कर रहा था. लेकिन कॉलेज में दाखिला लेने से पहले ही वह इस गैरकानूनी धंधे का हिस्सा बन गया.
यूपी के प्रयागराज से ट्रेन के जरिए लाया था खेप
शुरुआती पूछताछ में सुधांशु झा ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उसने बताया कि वह यह शराब उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से लोड करके लाया था. वह गोड्डा ट्रेन के जरिए पटना जंक्शन पहुंचा. वहां से कैब लेकर नाला रोड की तरफ जा रहा था. सुधांशु के मुताबिक, वह यह काम पटना के नाला रोड निवासी अमन नाम के व्यक्ति के लिए कर रहा था. उसने यह भी कबूल किया कि वह पहले भी तीन से चार बार इस तरह शराब की खेप ला चुका है. फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी अमन और इस पूरे तस्करी नेटवर्क से जुड़े बड़े चेहरों की तलाश में जुट गई है.
ADVERTISEMENT


