Patna Student Protest: शिक्षा मंत्री के आवास पर पहुंचे छात्र, बढ़ाई गई सुरक्षा

आशीष अभिनव

• 03:06 PM • 27 Aug 2026

पटना में छात्र आंदोलन के बीच कुछ छात्र शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के आवास पर पहुंचे, जिसके बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई. मंत्री ने छात्रों से बातचीत कर शिक्षक वैकेंसी और उनकी मांगों पर बड़ा बयान दिया.

Mithilesh Tiwari
Mithilesh Tiwari
Google CTA

पटना में छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है. गर्दनीबाग धरना स्थल पर बड़ी संख्या में छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. इसी बीच आंदोलन के दौरान कुछ छात्र सुबह-सुबह बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के आवास पर पहुंच गए.छात्रों के शिक्षा मंत्री के आवास तक पहुंचने के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई. आवास के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने.

Read more!

शिक्षा मंत्री ने छात्रों से की बातचीत 

हालांकि, इस बीच शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने छात्रों से बातचीत भी की. उन्होंने अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाने की कोशिश की और कहा कि सरकार छात्रों और युवाओं के हितों को लेकर गंभीर है. उन्होंने छात्रों से धरना खत्म करने की बात कही है. 

19 हजार की जगह 33 हजार पद देने का दावा

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिक्षक भर्ती को लेकर कहा कि सरकार ने पहले 19 हजार शिक्षक पद देने की बात कही थी, लेकिन बाद में 33 हजार पद दिए गए. उन्होंने कहा कि आगे भी बिहार में जहां-जहां से वैकेंसी उपलब्ध होगी, वहां पूरी प्रक्रिया के बाद पदों को लेकर फैसला किया जाएगा. उनके मुताबिक, शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया तय नियमों के तहत होती है और वैकेंसी बिना प्रक्रिया पूरी किए जारी नहीं की जा सकती.

छात्रों से संवाद के लिए सरकार तैयार

मिथिलेश तिवारी ने कहा कि सरकार छात्रों के साथ बातचीत और संवाद के लिए तैयार है. उन्होंने अभ्यर्थियों से निश्चिंत रहने की अपील करते हुए कहा कि बिहार के युवाओं और छात्रों के लिए जो जरूरी होगा, सरकार उसे करने का प्रयास करेगी. शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार की ओर से छात्र प्रतिनिधियों को बातचीत के लिए बुलाया जाता है, लेकिन इसके बावजूद कुछ छात्र धरने पर बैठ जाते हैं.

छात्रों से परीक्षा की तैयारी जारी रखने की अपील

शिक्षा मंत्री ने प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों से परीक्षा की तैयारी में जुटने की अपील की. उन्होंने कहा कि छात्र परेशान न हों और सरकार उनके लिए बेहतर निर्णय लेने का प्रयास करेगी. अब देखना होगा कि सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच होने वाली बातचीत से कोई ठोस समाधान निकलता है या आंदोलन आगे भी जारी रहता है.