Patna Student Protest: CM आवास की ओर छात्रों का मार्च, पुलिस से भिड़े, जानें क्या हैं मांगें

आशीष अभिनव

25 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 25 2026 12:37 PM)

Patna Student Protest: 70वीं BPSC परीक्षा रद्द करने, निगेटिव मार्किंग खत्म करने और एकल परीक्षा लागू करने की मांग को लेकर छात्रों ने गांधी मैदान से CM आवास की ओर मार्च शुरू किया. पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाई, जानिए पूरा मामला.

Patna Student Protest
Patna Student Protest
Google CTA

पटना में छात्रों का आंदोलन एक बार फिर तेज हो गया है. 70वीं BPSC परीक्षा रद्द कर दोबारा कराने, निगेटिव मार्किंग खत्म करने और एकल परीक्षा लागू करने समेत कई मांगों को लेकर छात्रों ने गांधी मैदान से मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च शुरू किया है. मार्च को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है. पुलिसकर्मी प्रदर्शन कर रहे छात्रों को समझाने और उन्हें आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर कायम हैं और मुख्यमंत्री आवास तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं.

Read more!

70वीं BPSC परीक्षा को लेकर छात्रों में नाराजगी

छात्रों की प्रमुख मांग 70वीं BPSC परीक्षा को रद्द कर दोबारा आयोजित कराने की है. इसके अलावा वे भर्ती परीक्षाओं में निगेटिव मार्किंग खत्म करने और एकल परीक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं. प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि परीक्षा व्यवस्था और भर्ती प्रक्रिया को लेकर उनकी लंबे समय से आपत्तियां हैं. उनका आरोप है कि उनकी मांगों पर अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई, जिसके कारण उन्हें सड़क पर उतरकर आंदोलन करना पड़ रहा है.

CM आवास तक मार्च की कोशिश

गांधी मैदान से शुरू हुआ छात्रों का मार्च मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास की ओर बढ़ रहा है. छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने कई स्तरों पर सुरक्षा व्यवस्था की है. पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें आगे नहीं बढ़ने की अपील कर रही है. प्रशासन की कोशिश है कि प्रदर्शन को नियंत्रित रखते हुए कानून-व्यवस्था और शहर की यातायात व्यवस्था को सामान्य बनाए रखा जाए.

छात्रों ने कहा- मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन

छात्र नेताओं का कहना है कि केवल आश्वासन से आंदोलन खत्म नहीं होगा. जब तक उनकी मांगों को लेकर सरकार की ओर से ठोस पहल नहीं की जाती, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा. फिलहाल छात्रों और पुलिस के बीच बातचीत के जरिए स्थिति को संभालने की कोशिश की जा रही है. अब देखना होगा कि सरकार और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच इस गतिरोध का क्या समाधान निकलता है.