NEET Paper Leak मामले को लेकर पूरे देश में जारी विरोध प्रदर्शन की गूंज अब बिहार के कटिहार तक पहुंच गई. पटना में छात्रों के प्रदर्शन के बाद कटिहार में भी बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतर आए. समाहरणालय के मुख्य गेट पर प्रदर्शन के दौरान हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच झड़प हो गई. इस दौरान लाठीचार्ज और पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आईं, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
ADVERTISEMENT
समाहरणालय के दोनों गेट पर जुटे सैकड़ों छात्र
मिली जानकारी के अनुसार, सैकड़ों छात्र कटिहार समाहरणालय के दोनों मुख्य गेटों पर पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे. प्रदर्शनकारी छात्र NEET Paper Leak मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। शुरुआत में प्रदर्शन शांतिपूर्ण था, लेकिन कुछ देर बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
पुलिस और छात्रों के बीच हुई झड़प
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रदर्शन उग्र होने के बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया. इसी दौरान पुलिस की ओर से लाठीचार्ज किया गया। इसके जवाब में कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंके. देखते ही देखते समाहरणालय परिसर के आसपास का इलाका रणक्षेत्र जैसा दिखाई देने लगा.
तनावपूर्ण बनी रही स्थिति
घटना के बाद पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की गई. हालांकि, इलाके में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा. पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.
बिना किसी संगठन के पहुंचे छात्र
स्थानीय लोगों और मौके पर मौजूद छात्रों का कहना है कि प्रदर्शन में शामिल अधिकांश छात्र किसी राजनीतिक दल या छात्र संगठन के बैनर तले नहीं आए थे. उनका दावा था कि वे NEET Paper Leak मामले से नाराज होकर स्वतः विरोध दर्ज कराने पहुंचे थे. प्रदर्शन में किसी बड़े नेता या संगठित नेतृत्व की मौजूदगी नहीं दिखी.
पूरे बिहार में बढ़ रहा विरोध
पटना में हुए छात्र प्रदर्शन के बाद अब कटिहार सहित बिहार के अन्य जिलों में भी विरोध की आवाज तेज होती दिखाई दे रही है. NEET Paper Leak को लेकर छात्रों में भारी नाराजगी है और वे लगातार पारदर्शी जांच तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT


