पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र की फ्रेंड्स कॉलोनी में सुबह-सुबह एक रिटायर्ड इंजीनियर का शव कार के अंदर मिलने से हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान मोतिहारी निवासी आलोक कुमार के रूप में हुई है. वह झारखंड में रह रहे थे और कुछ दिन पहले अपनी बहन से मिलने पटना पहुंचे थे.जानकारी के मुताबिक आलोक कुमार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में उनकी कार खड़ी मिली. स्थानीय लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनी. इसके बाद जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो कार का गेट खुला था और अंदर आलोक कुमार का शव पड़ा हुआ था.
ADVERTISEMENT
कार के बाहर मिली पिस्तल
घटना की सूचना मिलते ही राजीव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. मौके से कार के बाहर एक पिस्तल भी बरामद हुई है. फॉरेंसिक टीम ने पिस्तल को जब्त कर जांच के लिए भेज दिया है.अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बरामद पिस्तल किसकी है और घटना में इसका इस्तेमाल हुआ था या नहीं. यही सवाल इस पूरे मामले की जांच में अहम माना जा रहा है.
पुलिस की शुरुआती जांच में क्या सामने आया
पुलिस की शुरुआती जांच में यह आशंका जताई गई है कि आलोक कुमार ने खुद को गोली मारी हो सकती है. हालांकि इस मामले में अभी कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है. पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और फॉरेंसिक जांच के आधार पर पूरे घटनाक्रम को समझने की कोशिश कर रही है.
परिजनों को हत्या का शक
मृतक के परिजनों ने मौके की स्थिति को लेकर संदेह जताया है. परिवार की ओर से कहा गया कि बरामद पिस्तल आलोक कुमार की नहीं थी. परिजनों ने घटनास्थल और गोली लगने की स्थिति को देखते हुए किसी दूसरे व्यक्ति के शामिल होने की आशंका भी जताई है. परिजनों के मुताबिक आलोक कुमार कुछ दिन पहले पटना आए थे. वह अपनी बहन के घर ठहरे थे और सुबह टहलने के लिए निकलते थे. परिवार ने बताया कि घटना से पहले वह सामान्य नजर आ रहे थे.
सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. जांच इस दिशा में भी की जा रही है कि आलोक कुमार की कार वहां कैसे पहुंची, वह अकेले थे या उनके साथ कोई और व्यक्ति था और गोली चलने से पहले या बाद में वहां कोई संदिग्ध व्यक्ति मौजूद था या नहीं.फिलहाल कार के अंदर रिटायर्ड इंजीनियर का शव और बाहर पिस्तल मिलने से कई सवाल सामने हैं. मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई दूसरा कारण है, इसका जवाब पुलिस जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
ADVERTISEMENT


