Pawan Singh के भजन संध्या में मची भगदड़ जैसी स्थिति, Fan स्टेज पर चढ़ा तो हुआ हंगामा!

आशीष अभिनव

10 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 10 2026 4:11 PM)

यूपी के बस्ती में पवन सिंह की भजन संध्या के दौरान जमकर हंगामा हुआ. कांवड़िए के स्टेज पर कूदने, पुलिस द्वारा नीचे फेंकने और सिपाही की सेल्फी तक. पढ़ें इस हाई-वोल्टेज ड्रामे की पूरी खबर.

पवन सिंह के कार्यक्रम में स्टेज पर चढ़ा युवक
pawan singh
Google CTA

भोजपुरी सिनेमा के 'पावरस्टार' पवन सिंह का जलवा हो और हंगामा न हो, ऐसा भला कैसे हो सकता है? यूपी के बस्ती जिले में आयोजित एक भजन संध्या में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां पवन सिंह के गानों पर भक्ति का खुमार ऐसा चढ़ा कि व्यवस्थाएं पूरी तरह ध्वस्त हो गईं. 80 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर रहे कांवड़ियों की भीड़ के बीच जब पावरस्टार ने माइक संभाला, तो पूरा पंडाल 'हर-हर महादेव' और पवन सिंह के नारों से गूंज उठा. लेकिन फिर जो हुआ, उसने पुलिस और सुरक्षाकर्मियों के पसीने छुड़ा दिए.

Read more!

पवन सिंह के फैन को स्टेज से नीचे फेंका

नगर थाना क्षेत्र के फुटहिया चौराहे पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में पवन सिंह शिव भजनों की तान छेड़ रहे थे. इसी बीच एक बेकाबू फैन जो कांवड़िये थे पवन सिंह से मिलने की जिद में सुरक्षा चक्र तोड़ते हुए सीधे स्टेज पर कूद पड़ा.अचानक हुए इस वाकये से हड़कंप मच गया. मंच पर मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों ने बिना देर किए उस युवक को पकड़ा और सीधे स्टेज से नीचे फेंक दिया. सुरक्षाकर्मियों का यह एक्शन देखकर वहां मौजूद हजारों कांवड़िए भड़क गए और देखते ही देखते हंगामे की स्थिति बन गई. माहौल बिगड़ता देख खुद पवन सिंह को कमान संभालनी पड़ी. उन्होंने तुरंत उस कांवड़िए को वापस स्टेज पर बुलवाया, तब जाकर लोगों का गुस्सा शांत हुआ.

नंगे बदन दूसरे फैन की एंट्री और पवन सिंह की डांट

हंगामा अभी थमा भी नहीं था कि एक और सिरफिरा फैन नंगे बदन सुरक्षा घेरा तोड़कर सीधे पवन सिंह के करीब पहुंच गया. लगातार हो रही इस चूक पर पवन सिंह का गुस्सा भी सातवें आसमान पर पहुंच गया. उन्होंने भरे मंच से ही उस युवक को जमकर फटकार लगाई और सुरक्षा में तैनात लोगों की क्लास लगा दी.

खाकी पर भी चढ़ा 'पावर' का बुखार, सिपाही ने ली सेल्फी

हद तो तब हो गई जब आम जनता को नियंत्रित करने वाली खाकी भी पवन सिंह की दीवानगी से खुद को बचा नहीं सकी. सुरक्षा में लगी भारी लापरवाही के बीच एक ऑन-ड्यूटी सिपाही ही पवन सिंह के साथ फोटो खिंचवाने के लिए मंच पर चढ़ गया. सिपाही की इस हरकत ने पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

करीब 80 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा

आपको बता दें कि बस्ती से अयोध्या सरयू नदी का जल लेकर श्रद्धालु भदेश्वर नाथ मंदिर तक करीब 80 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा तय करते हैं. इसी कांवड़ यात्रा के बीच फुटहिया चौराहे पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जहां लाखों की संख्या में श्रद्धालु अपने चहेते स्टार की एक झलक पाने के लिए उमड़ पड़े थे.