'ना मैं फेक हूं, ना फेकपना बर्दाश्त है', भोजपुरी बवाल के सेट पर पावर स्टार पवन सिंह किसपर हुए आगबबूला?

हर्षिता सिंह

06 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 6 2026 6:40 PM)

Pawan Singh Viral Video: भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह का 'भोजपुरी बवाल' शो से जुड़ा नया प्रोमो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में पवन सिंह गुस्से में कहते नजर आते हैं, 'ना मैं फेक हूं, ना फेकपना बर्दाश्त है', जिसके बाद वह शख्स को बाहर निकलने के लिए कहते है. जानिए वायरल वीडियो की पूरी कहानी, जियो टीम के सदस्य के साथ क्या हुआ और फैंस इसे असली गुस्सा मान रहे हैं या टीआरपी स्टंट.

Pawan Singh Viral Video
Pawan Singh Viral Video
Google CTA

भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह इन दिनों अपने नए शो 'भोजपुरी बवाल' को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं. हालांकि, इसी बीच पवन सिंह का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें उनका गुस्सा सातवें आसमान पर नजर आ रहा है. रिलीज हुए इस प्रोमो वीडियो में पवन सिंह इतने नाराज दिख रहे हैं कि वह सीधे शो छोड़कर जाने की बात कहते नजर आ रहे हैं. गुस्से में तमतमाए पवन सिंह ने साफ-साफ शब्दों में कह दिया कि वह किसी भी तरह का फेक बर्ताव न तो करते हैं और न ही इसे बर्दाश्त कर सकते हैं.

Read more!

जियो टीम के सदस्य को कमरे से निकाला बाहर

जियो हॉटस्टार की तरफ से जारी किए गए नए प्रोमो में देखा जा सकता है कि एक शख्स पवन सिंह से मिलने उनके कमरे की तरफ आता है. कमरे के बाहर खड़ी पुलिस उस व्यक्ति को रोकती है, तभी पवन सिंह के करीबी आकर बताते हैं कि सर ने किसी से भी मिलने से मना किया है. इसके बावजूद वह व्यक्ति खुद को जियो टीम का सदस्य बताते हुए जबरन कमरे के अंदर दाखिल होता है. इस पर पवन सिंह का पारा चढ़ जाता है और वह कड़े लहजे में कहते हैं कि एक बार जब उन्होंने मना कर दिया कि शो नहीं करना है तो मतलब नहीं करना है. उन्होंने कहा कि, 'ना मैं फेक हूं, ना फेकपना बर्दाश्त है,' इसलिए अब बहुत हो चुका और सभी लोग बाहर जाएं. इतना कहने के बाद पवन सिंह उस शख्स को 'चल' बोलते हुए कमरे का दरवाजा बंद कर देते हैं.

टीआरपी स्टंट या असली गुस्सा? फैंस के मन में उठे सवाल

पवन सिंह का यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कई यूज़र्स और फैंस कमेंट करके पूछ रहे हैं कि आखिर पवन भैया को इतना गुस्सा क्यों आ गया और सेट पर ऐसी क्या बड़ी गलती हो गई. वहीं कुछ लोगों का मानना है कि यह सब सचमुच का गुस्सा नहीं है, बल्कि शो की टीआरपी (TRP) बढ़ाने के लिए रचा गया एक ड्रामा हो सकता है. पवन सिंह के गुस्से के पीछे की असल वजह क्या है, इसका खुलासा तो पूरा एपिसोड आने के बाद ही हो पाएगा, लेकिन फिलहाल इस रिएक्शन ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है.

शुरुआती एपिसोड्स को मिला था दर्शकों का भरपूर प्यार

आपको बता दें कि OTT प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम हो चुके शो 'भोजपुरी बवाल' के अब तक कई प्रोमो रिलीज किए जा चुके हैं, जिन्हें दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है. इससे पहले सामने आए प्रोमो में पवन सिंह कभी आम्रपाली दुबे के साथ बातचीत करते, कभी तेज प्रताप यादव के साथ मस्ती करते तो कभी दोस्तों के लिए चिकन बनाते नजर आए थे. पवन सिंह से जुड़े इन सभी हल्के-फुल्के अंदाज वाले वीडियोज को उनके चाहने वालों ने काफी पसंद किया था. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इस नए एपिसोड में ऐसा क्या मोड़ आता है जिससे पावर स्टार का मूड अचानक इतना खराब हो गया.

यहां देखें वीडियो

'लाओ देसी मुर्गा रे...': तिलक-चंदन लगाकर चिकन पकाने पर घिरे पवन सिंह!