Bharat Tiwari Encounter: भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पवन सिंह की एंट्री, बोले- 'समाजसेवी थे भरत, जल्द ही परिवार से मिलूंगा'

न्यूज तक डेस्क

• 07:16 PM • 21 Jun 2026

Bharat Tiwari Encounter: भोजपुर के भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर दुख जताते हुए भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने बिहार सरकार से उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है.

पवन सिंह
पवन सिंह
Google CTA

बिहार के भोजपुर जिले में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर मामले ने अब सियासी और सामाजिक रूप से तूल पकड़ लिया है. इस पूरे मामले में अब भोजपुरी सुपर स्टार और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एमएलसी पवन सिंह की भी एंट्री हो गई है. पवन सिंह ने इस कथित मुठभेड़ को लेकर गहरा दुख जताया है और सोशल मीडिया पर एक भावुक और कड़ा पोस्ट लिखकर बिहार सरकार से इस मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है.

Read more!

भरत भूषण तिवारी एक समाजसेवी और संवेदनशील व्यक्ति थे

पवन सिंह ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए दिवंगत भरत भूषण तिवारी को एक जागरूक समाजसेवी करार दिया. उन्होंने लिखा:

"ग्राम भलोटी, भोजपुर निवासी स्वर्गीय भरत भूषण तिवारी जी केवल इतना चाहते थे कि जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी जनता की समस्याओं का समाधान करें तथा गरीब, वंचित, और बाढ़ पीड़ित परिवारों को उनके अधिकार से वंचित ना रखा जाए."

पवन सिंह ने आगे कहा कि भरत भूषण तिवारी समाज के लिए संघर्ष करने वाले एक बेहद संवेदनशील व्यक्ति थे, जिन्होंने सदैव गरीबों, असहायों, दलितों और जरूरतमंद लोगों की आवाज उठाने का कार्य किया. कोरोना महामारी और बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं में उन्होंने हमेशा आगे बढ़कर समाज की सेवा की.

एनकाउंटर की परिस्थितियों पर उठाए सवाल

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और विभिन्न माध्यमों से आ रही जानकारियों का हवाला देते हुए पवन सिंह ने इस एनकाउंटर की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने लिखा कि इस घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है और घटनाक्रम को लेकर कई गंभीर प्रश्न उठ रहे हैं.

पवन सिंह ने मांग करते हुए लिखा:

"यदि विभिन्न माध्यमों से प्रसारित जानकारी एवं वीडियो में दिखाई गई परिस्थितियां सही हैं, तो यह आवश्यक है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं न्यायसंगत जांच कराई जाए ताकि सत्य जनता के सामने आ सके. लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को न्याय पाने का अधिकार है."

न्याय केवल होना नहीं चाहिए

बिहार सरकार और संबंधित उच्च अधिकारियों से मांग करते हुए पवन सिंह ने साफ तौर पर कहा कि कानून का शासन तभी मजबूत माना जाता है जब हर घटना की जांच बिना किसी भेदभाव के हो. दोषी चाहे कोई भी हो, उसके विरुद्ध विधि सम्मत कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने कहा, "न्याय केवल होना ही नहीं चाहिए बल्कि होता हुआ दिखाई भी देना चाहिए."

पीड़ित परिवार से जल्द मुलाकात का ऐलान

पवन सिंह ने न केवल इस मामले पर दुख जताया, बल्कि पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने का भरोसा भी दिलाया. उन्होंने ऐलान किया कि वह जल्द ही भोजपुर जाकर पीड़ित परिवार से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेंगे, अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे और इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग को और मजबूती से उठाएंगे.

बता दें कि एक तरफ जहां सरकार ने इस कथित मुठभेड़ मामले में न्यायिक जांच का ऐलान किया है, वहीं पवन सिंह के इस कड़े रुख के बाद अब प्रशासन पर निष्पक्ष और पारदर्शी जांच का दबाव और अधिक बढ़ गया है.