Bhojpur Encounter Case Update: भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर गरजे BJP MLC पवन सिंह, कही दी ये बड़ी बात!

Bharat Tiwari Encounter Case: भोजपुर के भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर बीजेपी MLC और भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने भरत तिवारी को समाजसेवी बताते हुए मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है. साथ ही पीड़ित परिवार से मुलाकात करने का भी ऐलान किया है.

Bharat Tiwari Encounter Case Update
Bharat Tiwari Encounter Case Update

आशीष अभिनव

follow google news

बिहार के भोजपुर जिले में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर मामले ने अब तूल पकड़ लिया है. इस एनकाउंटर को लेकर चौतरफा सवाल उठ रहे हैं और पुलिस की भूमिका संदेह के घेरे में है. इस पूरे घटनाक्रम पर अब भोजपुरी सुपरस्टार और बीजेपी MLC पवन सिंह ने अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी है. पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर एक भावुक और विस्तृत पोस्ट साझा करते हुए इस पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग सरकार से की है. उन्होंने कहा है कि लोकतंत्र में कानून का शासन तभी मजबूत माना जाता है जब हर घटना की जांच बिना किसी भेदभाव के हो और दोषी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.

Read more!

क्या है पूरा मामला और क्यों उठ रहे हैं सवाल

यह पूरी घटना बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव की है. दरअसल, बिलौटी गांव के रहने वाले भरत भूषण तिवारी का हथियार के साथ एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए गांव पहुंची थी. पुलिस और भरत तिवारी के बीच काफी देर तक तनातनी का माहौल बना रहा और इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने भरत तिवारी का एनकाउंटर कर दिया. हालांकि, भरत तिवारी के परिजनों ने पुलिस के इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है और इसे एक सुनियोजित 'फर्जी एनकाउंटर' करार दिया है.

भरत भूषण तिवारी को पवन सिंह ने बताया समाज सेवक

एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी को याद करते हुए पवन सिंह ने उन्हें समाज के लिए संघर्ष करने वाला एक जागरूक और संवेदनशील व्यक्ति बताया. पवन सिंह ने अपने पोस्ट में लिखा कि, भरत तिवारी सदैव गरीबों, असहायों, दलितों और समाज के जरूरतमंद लोगों की आवाज उठाने का काम करते थे. उन्होंने कोरोना महामारी और बाढ़ जैसी भयंकर प्राकृतिक आपदाओं के समय भी अपनी क्षमता से बढ़कर समाज की सेवा की थी. इतना ही नहीं, वह अक्सर प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ मिलकर जनहित के कार्यों में सहयोग करते हुए दिखाई देते थे.

पवन सिंह ने की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग

इस घटना से पूरे समाज के स्तब्ध होने की बात कहते हुए पवन सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों से सामने आए वीडियो और परिस्थितियां यदि सही हैं, तो इस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच बेहद जरूरी है. उन्होंने बिहार सरकार और संबंधित उच्च अधिकारियों से मांग की है कि मामले की पारदर्शी जांच कराकर सत्य को जनता के सामने लाया जाए. पवन सिंह ने जोर देकर कहा कि न्याय केवल होना ही नहीं चाहिए, बल्कि समाज में होता हुआ दिखाई भी देना चाहिए. उन्होंने सचेत किया कि यदि समय रहते इस एनकाउंटर की सच्चाई सामने नहीं आई, तो पुलिस और प्रशासन से आम जनता का विश्वास पूरी तरह उठ जाएगा.

जल्द ही पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे पवन सिंह

पवन सिंह ने दिवंगत भरत भूषण तिवारी के सामाजिक योगदान को सदैव स्मरणीय बताते हुए उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है और ईश्वर से पीड़ित परिवार को यह असीम दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है. इसके साथ ही उन्होंने यह भी ऐलान किया है कि वे बहुत जल्द ही बिलौटी गांव जाकर पीड़ित परिवार से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेंगे, उनके प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे और इस एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच की मांग को और मजबूती से उठाएंगे.

सरकार ने दिए न्यायिक जांच के आदेश

इस मामले को लेकर बिहार में सियासी और सामाजिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है. सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष तक के तमाम नेता अब पुलिस की इस कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं. चौतरफा बढ़ते दबाव और आक्रोश को देखते हुए बिहार सरकार ने शनिवार को इस भोजपुर पुलिस एनकाउंटर मामले की न्यायिक जांच कराने का फैसला किया है. अब देखना यह होगा कि इस न्यायिक जांच के जरिए इस कथित एनकाउंटर के पीछे छिपी असली सच्चाई कब तक सामने आती है और पीड़ित परिवार को न्याय मिल पाता है या नहीं.

यहां देखें वीडियो

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, दर्ज किए 3 FIR...पिता-भाई समेत मुखिया को बनाया आरोपी

    follow google news