बलिया में भोजपुरी के पावर स्टार और नव-निर्वाचित एमएलसी पवन सिंह के एक कार्यक्रम में जबरदस्त हंगामा देखने को मिला है. पवन सिंह और गोरखपुर के बीजेपी सांसद व अभिनेता रवि किशन को एक साथ देखने पहुंचे प्रशंसकों की दीवानगी इस कदर बढ़ी कि भीड़ पूरी तरह बेकाबू हो गई. हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को जमकर लाठियां बरसानी पड़ीं और हल्के बल का प्रयोग करना पड़ा. इस पूरे हंगामे, तोड़फोड़ और लाठीचार्ज के वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.
ADVERTISEMENT
निजी बर्थडे पार्टी के दौरान हुआ हंगामा
यह पूरा मामला बलिया जिले के नगरा थाना क्षेत्र के नगरा कस्बे का है, जहां एक निजी बर्थडे पार्टी के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह और गोरखपुर संसदीय क्षेत्र के बीजेपी सांसद व एक्टर रवि किशन पहुंचे थे. इन दोनों ही दिग्गज कलाकारों को देखने के लिए आसपास के इलाकों से हजारों की संख्या में प्रशंसकों की भीड़ मौके पर उमड़ पड़ी थी. कार्यक्रम की शुरुआत बेहद शानदार रही और स्टेज पर दोनों की जोड़ी ने जमकर धमाल मचाया.
मंच पर जमी पवन सिंह और रवि किशन की जोड़ी
कार्यक्रम के दौरान बीजेपी सांसद रवि किशन ज्यादा देर तक स्टेज पर मौजूद नहीं रहे, लेकिन जितनी देर वह रहे, दर्शकों का उत्साह सातवें आसमान पर था. रवि किशन के जाने के बाद भी पवन सिंह ने अपनी गायकी और गानों से समां बांधे रखा. उन्होंने मंच से एक के बाद एक कई गाने गाए और जमकर ठुमके लगाए, जिससे वहां मौजूद फैंस लगातार झूमते रहे.
आखिरी वक्त में बेकाबू हुई भीड़, हुई तोड़फोड़
हंगामा तब शुरू हुआ जब सांस्कृतिक कार्यक्रम अपने अंतिम दौर में था. कार्यक्रम खत्म होने के समय पवन सिंह को नजदीक से देखने के लिए फैंस के बीच होड़ मच गई और भीड़ पूरी तरह से आउट ऑफ कंट्रोल हो गई. भीड़ को काबू में करने के लिए जब सुरक्षाकर्मियों ने प्रयास किया, तो माहौल गरमा गया. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बेकाबू हुई भीड़ ने वहां रखी कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दीं, जिससे पंडाल में चारों तरफ तोड़फोड़ और अफरा-तफरी मच गई.
घायल युवक ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
भीड़ द्वारा की गई तोड़फोड़ और हंगामे को शांत करने के लिए नगरा थाना पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें कई लोगों को चोटें आई हैं. सोशल मीडिया पर लोग दावा कर रहे हैं कि पुलिस ने जनता पर बेरहमी से लाठियां भांजीं. इस घटना में घायल हुए इंदासो चौहानपुरा के रहने वाले सचिन कुमार नाम के एक युवक ने अपना दर्द बयां करते हुए पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़ित युवक का कहना है कि वह चुपचाप खड़ा होकर पवन सिंह को देख रहा था, लेकिन नगरा थाना पुलिस के चार पुलिसकर्मियों ने उसे बेवजह पकड़कर जमीन पर पटका और दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, जबकि उसने प्रशासन के खिलाफ कोई उंगली नहीं उठाई थी.
पवन सिंह की दीवानगी से अक्सर बिगड़ते हैं हालात
यह कोई पहली बार नहीं है जब पवन सिंह के कार्यक्रम में इस तरह की अव्यवस्था देखने को मिली हो. भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह की फैंस के बीच दीवानगी इस कदर है कि वे जैसे ही लोगों के सामने आते हैं, उनकी एक झलक पाने के लिए प्रशंसक बेकाबू हो जाते हैं. लोग उन्हें देखने के लिए कभी पेड़ों पर चढ़ जाते हैं तो कभी पूरे मैदान को पाट देते हैं. बलिया के नगरा में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां स्टार्स के प्रति दीवानगी अंततः पुलिसिया कार्रवाई और हंगामे में तब्दील हो गई.
ADVERTISEMENT


