'ऐसी सरकार के साथ रहने में घिन आती है...' निशांत कुमार की कार्रवाई से नाराज PMCH प्रिंसिपल ने छोड़ी नौकरी, लगाई ये गुहार!

PMCH Principal Resignation: पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) के तत्कालीन प्रिंसिपल डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की कार्रवाई के विरोध में इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने विभाग पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी देने के बावजूद बिना शोकॉज नोटिस कार्रवाई की गई. जानिए पूरा विवाद.

PMCH Principal Resignation
PMCH Principal Resignation

सुजीत कुमार

follow google news

बिहार के पटना मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (PMCH) में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के औचक निरीक्षण के बाद शुरू हुआ विवाद अब और गहरा गया है. निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए जाने और इसके बाद ट्रांसफर और कार्रवाई का सामना कर रहे PMCH के तत्कालीन प्रिंसिपल डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह का गुस्सा अब नीतीश कुमार के बेटे और सूबे के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पर फूट पड़ा है. डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह ने इस पूरी कार्रवाई को 'तानाशाही' करार देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है और स्वास्थ्य विभाग पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं.

Read more!

दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण घर पर थे प्रिंसिपल

डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री के औचक निरीक्षण से ठीक एक दिन पहले उनके साथ एक गंभीर दुर्घटना घटी थी, जिसमें वह बर्न इंजरी(जलने के कारण लगी चोट) का शिकार हो गए थे. इसी वजह से वह बेड रेस्ट पर थे और अपने घर में मौजूद थे. उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस जगह वह रह रहे हैं, वहीं उनका पुश्तैनी घर और क्लीनिक भी है. विभाग द्वारा लगाए गए प्रैक्टिस करने के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि जब वह अपने घर पर थे, तो इसे गलत तरीके से पेश किया गया कि वह प्रैक्टिस कर रहे थे. उन्होंने कहा कि एक दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति की सुध लेने के बजाय विभाग ने उनके खिलाफ सीधी कार्रवाई कर दी.

अधिकारियों को थी जलने की सूचना, वॉट्सऐप पर भेजे थे फोटो

पूर्व प्रिंसिपल ने स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही को उजागर करते हुए दावा किया कि उनके जलने और दुर्घटनाग्रस्त होने की पूरी जानकारी विभाग के आलाधिकारियों को थी. उन्होंने खुद स्वास्थ्य विभाग के सचिव (सेक्रेटरी) और PMCH के सुपरिटेंडेंट (अधीक्षक) सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों को अपने जले हुए अंगों की तस्वीरें वॉट्सऐप के जरिए भेजी थीं. उन्होंने कहा कि उनके कार्यालय और ओएसडी सुनील कुमार को भी उनके स्वास्थ्य की जानकारी थी. डॉ. सिंह के मुताबिक, कार्रवाई करने से पहले अधिकारियों ने इस बात को छिपाए रखा और मंत्री के सामने सही तथ्य नहीं रखे.

बिना शोकॉज नोटिस दिए कार्रवाई करने पर जताई नाराजगी

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार द्वारा फोन का जवाब न देने और मौके पर सरकारी गाड़ी खड़ी होने के बावजूद गायब रहने के आरोपों पर पूर्व प्रिंसिपल ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री उनके अभिभावक की तरह हैं, उन्हें कार्रवाई करने से पहले स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए थी. उन्होंने अस्पताल के अधीक्षक और वहां तैनात अधिकारियों से पूछना चाहिए था कि प्रिंसिपल कहां हैं. उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि नियम के मुताबिक पहले शोकॉज (कारण बताओ) नोटिस जारी किया जाना चाहिए था, लेकिन उन्हें बिना कुछ पूछे सीधे अपमानित करते हुए हटा दिया गया.

निशांत कुमार की कार्रवाई को बताया 'तानाशाही' और दिया इस्तीफा

डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह ने इस पूरे घटनाक्रम को बेहद अपमानजनक और मानहानि का मामला बताया है. उन्होंने कहा कि वह सुशासन बाबू (नीतीश कुमार) के राज में रहे हैं, लेकिन आज उनके बेटे के नेतृत्व में चल रहे स्वास्थ्य विभाग में 'कुशासन' और 'तानाशाही' देखने को मिल रही है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि ऐसी कुव्यवस्था से भरी सरकार के साथ काम करने में उन्हें घिन आती है, जिसके बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. डॉ. सिंह ने डॉक्टरों और अन्य अधिकारियों का आह्वान किया कि किसी को भी अपनी गरिमा, गौरव और संप्रभुता को खोकर नौकरी नहीं करनी चाहिए.

पीएम मोदी और सम्राट चौधरी से लगाई गुहार

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की कार्यप्रणाली पर पूरी तरह से अविश्वास जताते हुए पूर्व प्रिंसिपल ने कहा कि मंत्री को अपने ही विभाग की गतिविधियों और एक दुर्घटनाग्रस्त अधिकारी के बारे में कोई ज्ञान नहीं है. उन्होंने इस पूरे मामले पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से व्यक्तिगत संज्ञान लेने की गुहार लगाई है. उन्होंने कहा कि इन नेताओं के प्रति उनका सम्मान हमेशा रहेगा और उन्हें उम्मीद है कि इस अन्याय के खिलाफ उच्च स्तर पर विचार किया जाएगा.

यहां देखें वीडियो

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर CM सम्राट चौधरी ने तोड़ी चुप्पी, मंच से किया ये बड़ा ऐलान!

    follow google news