Buxar Viral Video: बिहार के बक्सर जिले से एक वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है. मामला डुमरांव अनुमंडल के अंतर्गत आने वाले बगेन गोला थाना से जुड़ा है जहां तैनात एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर मनीष कुमार के एक शादी समारोह में डांस करने का वीडियो वायरल हो गया.
ADVERTISEMENT
वीडियो में एएसआई मनीष कुमार एक महिला डांसर के साथ ठुमके लगाते नजर आ रहे हैं. इतना ही नहीं उन पर डांस के दौरान पैसे उड़ाने और आपत्तिजनक हरकत करने का भी आरोप है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो दो दिन पहले हुए एक शादी समारोह का है जहां वे निजी तौर पर पहुंचे थे. वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने उनका वीडियो बना लिया जो बाद में सोशल मीडिया पर फैल गया.
पुलिस की गरीमा के खिलाफ
जैसे ही वीडियो वायरल हुआ लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई. कई लोगों ने इसे पुलिस की गरिमा के खिलाफ बताया तो कुछ ने सवाल उठाया कि कानून-व्यवस्था संभालने वाले अधिकारी अगर इस तरह सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर आएंगे तो इससे विभाग की छवि पर असर पड़ना तय है.
वहीं दूसरी तरफ मामले की गंभीरता को देखते हुए बक्सर के एसपी ने तुरंत संज्ञान लिया. डुमरांव डीएसपी से जांच कराई गई, जिसमें सहायक दारोगा के अनुचित आचरण की पुष्टि हुई. जांच रिपोर्ट मिलते ही एएसआई मुनीष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया. पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि विभाग में अनुशासन से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और ऐसी हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी.
वर्दी सिर्फ नौकरी नहीं बल्कि जिम्मेदारी है
इस घटना के बाद आम लोगों के बीच भी चर्चा तेज है. कई लोगों का कहना है कि पुलिस की वर्दी सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और विश्वास का प्रतीक होती है. ऐसे में इस तरह की घटनाएं जनता के भरोसे को कमजोर करती हैं.
फिलहाल, पुलिस विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई कर दी है लेकिन इस वायरल वीडियो ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सार्वजनिक जीवन में पद की गरिमा बनाए रखना कितना जरूरी है.
ADVERTISEMENT

