प्रशांत किशोर ने मधुबनी की घटना पर सीएम सम्राट को घेरा, कहा- ऐसे लोगों को मुख्यमंत्री बनाएंगे तो यही होगा

आशीष अभिनव

• 12:19 PM • 05 Nov 2026

बेगूसराय में जन सुराज की कार्यकारिणी कार्यशाला के बाद प्रशांत किशोर ने मधुबनी गोलीकांड, दो निर्दलीय MLC की सदस्यता और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने दोनों निर्दलीय MLC की सदस्यता जाना तय बताया और कहा कि जरूरत पड़ी तो जन सुराज इस मामले को लेकर कोर्ट जाएगा.

Prashant Kishor News
Prashant Kishor News
Google CTA

 

बेगूसराय में जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने मधुबनी गोलीकांड को लेकर पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि मधुबनी में जो घटना हुई है, वह बेहद गलत है. घटना के बाद जन सुराज के लोग विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे और पार्टी का राज्यस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी मधुबनी पहुंचा है. प्रतिनिधिमंडल की रिपोर्ट आने के बाद पार्टी आगे की रणनीति तय करेगी.प्रशांत किशोर ने कहा कि इस मामले में सबसे अहम सवाल यह है कि जिस दरोगा ने गोली चलाई, उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज होता है या नहीं. प्रशासन की भूमिका और आगे की कार्रवाई को देखकर जन सुराज अपनी लड़ाई आगे बढ़ाएगा.

Read more!

दो निर्दलीय MLC की सदस्यता जाने का किया दावा

दो निर्दलीय विधान परिषद सदस्यों के बीजेपी में शामिल होने के मुद्दे पर प्रशांत किशोर ने कहा कि उनकी सदस्यता जाना तय है. उन्होंने इसे असंवैधानिक कार्रवाई बताते हुए कहा कि जन सुराज की ओर से विधान परिषद के सभापति के पास याचिका दी गई है.प्रशांत किशोर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सभापति इस मामले में न्याय करेंगे और असंवैधानिक तरीके से बीजेपी में शामिल हुए दोनों सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई होगी. उन्होंने साफ कहा कि अगर यहां से न्याय नहीं मिला तो जन सुराज कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगा. उनके मुताबिक, किसी भी स्थिति में दोनों की सदस्यता जानी तय है.

सम्राट चौधरी के 'क्राइम और अपराध' वाले बयान पर निशाना

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अपराध और क्राइम की तुलना वाले बयान पर प्रशांत किशोर ने तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी समय-समय पर ऐसी बातें कहते हैं, जिससे समाज में उनका मजाक उड़ाने का मौका मिलता है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब अपराध और क्राइम के बीच फर्क बताने के लिए नया शब्द दिया जा रहा है. प्रशांत किशोर ने सम्राट चौधरी को लेकर 'सातवीं फेल' और 'अपराधी' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया. उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी खुद मुख्यमंत्री नहीं बने हैं, उन्हें उनके जैसे लोगों ने बनाया है. इसलिए गलती उनकी नहीं, बल्कि उन्हें मुख्यमंत्री बनाने वालों की है. उन्होंने सवाल उठाया कि जिसे अपराध और क्राइम का फर्क नहीं पता, उससे बिहार के भविष्य को लेकर क्या उम्मीद की जा सकती है.

गिरिराज सिंह को लेकर बेगूसराय के लोगों से की अपील

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर भी प्रशांत किशोर ने निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बेगूसराय के लोगों ने गिरिराज सिंह को वोट दिया है, लेकिन अगर वे जनता की उम्मीदों के मुताबिक काम नहीं कर रहे हैं और लोगों के साथ न्याय नहीं हो रहा है तो अगले चुनाव में उन्हें हराना चाहिए. उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं और पंचायत चुनाव लड़ रहे पार्टी समर्थित उम्मीदवारों को भी हराने की अपील की. प्रशांत किशोर ने कहा कि जनता के हाथ में ही सत्ता की चाबी है और चुनाव में जनता अपने वोट के जरिए जवाब दे सकती है.

बेगूसराय में कार्यकारिणी कार्यशाला में शामिल हुए थे प्रशांत किशोर

प्रशांत किशोर बुधवार को बेगूसराय के दिनकर भवन में जन सुराज की कार्यकारिणी कार्यशाला में शामिल होने पहुंचे थे. कार्यशाला के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की. इस दौरान मधुबनी गोलीकांड, दो निर्दलीय MLC की सदस्यता, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान और गिरिराज सिंह को लेकर उन्होंने अपनी बात रखी.

इनपुट- सौरभ कुमार, संवाददाता