Bihar: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव को लेकर भरी हुंकार, जन सुराज के उम्मीदवार पर कही बड़ी बात

प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव को लेकर बीजेपी पर तीखा हमला बोला है और जनता से विकास व रोजगार के नाम पर वोट करने की अपील की है. साथ ही, उन्होंने जन सुराज के उम्मीदवार को सीधे जनता (बापू सभागार में) द्वारा चुने जाने का एक अनोखा फॉर्मूला भी पेश किया है.

प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर

न्यूज तक डेस्क

follow google news

 बिहार में होने वाले बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. जन सुराज (Jan Suraaj) के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बांकीपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. प्रशांत किशोर ने बांकीपुर की जनता से जाति और पार्टी से ऊपर उठकर वोट करने की अपील की और कहा कि यह चुनाव सिर्फ एक विधायक चुनने का नहीं, बल्कि दिल्ली में बैठे पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह तक बिहार की जनता का कड़ा संदेश पहुंचाने का अवसर है.

Read more!

प्रशांत किशोर ने जन सुराज के उम्मीदवार को लेकर भी एक बड़ा और अनोखा फॉर्मूला जनता के सामने रखा है.

ईवीएम पर भाजपा को हराओ

बांकीपुर की जनता को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, "बहुत सारे भाजपा के साथी मुझसे कहते हैं कि सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बन गए, कैसा लग रहा है? वे खुद कहते हैं कि हमने थोड़े ही वोट दिया था, ये तो मोदी जी और अमित शाह ने बना दिया. मोदी जी या अमित शाह आपसे फोन पर बात करने तो नहीं आएंगे, लेकिन आपके पास एक हॉटलाइन है, जिससे आप सीधे उनसे बात कर सकते हैं. इस उपचुनाव में ईवीएम (EVM) पर भाजपा के खिलाफ वोट दीजिए, उन्हें हराइए. मोदी जी के कान में सीधे म्यूजिक जाएगा कि बांकीपुर की जनता इस फैसले को स्वीकार नहीं करती है."

बिहार के बच्चे सिर्फ गुजरात में मजदूरी करने के लिए पैदा नहीं हुए

लालू प्रसाद यादव के नाम पर वोट मांगने की राजनीति पर प्रहार करते हुए पीके ने कहा, "सिर्फ लालू जी का भय दिखाकर आप हमसे वोट नहीं ले सकते. बिहार की जनता को बंधुआ मजदूर मत समझिए. हम लोग भी ऐसा मुख्यमंत्री चाहते हैं जो विकास, रोजगार और पढ़ाई की बात करे. अरवा-उसना चावल देने से बात नहीं बनेगी. बिहार के बच्चे जीवनभर गुजरात जाकर वंदे भारत में बैठकर मजदूरी करने के लिए पैदा नहीं हुए हैं. हम लोग भी एआई (AI), सेमीकंडक्टर, वाइट कॉलर जॉब और फैक्ट्रियों की बात करना चाहते हैं."

राजद तो वैसे ही खत्म है, चर्चा ही बेकार है

प्रशांत किशोर ने साफ किया कि वह भाजपा के खिलाफ इसलिए बोल रहे हैं क्योंकि सत्ता उनके हाथ में है. उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर तंज कसते हुए कहा, "राजद तो ऐसा ही खत्म है, उसकी चर्चा करना ही बेकार है. सत्ता भाजपा और एनडीए के पास है, इसलिए जवाबदेही भी उन्हीं की तय होनी चाहिए." उन्होंने कहा कि बिजली और सड़क आ जाना ही असली विकास नहीं है. पटना की तुलना लखनऊ, भोपाल, रायपुर और हैदराबाद से करते हुए उन्होंने कहा कि हैदराबाद के आगे तो पटना एक गांव जैसा लगता है.

बापू सभागार में जनता खुद चुनेगी उम्मीदवार

जन सुराज के उम्मीदवार को लेकर प्रशांत किशोर ने एक बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा, "मैं हर वार्ड में छोटी-छोटी बैठकें कर रहा हूं. मेरा प्रस्ताव है कि हर वार्ड से 250-300 प्रबुद्ध लोग इकट्ठा हों और हम सब मिलकर बापू सभागार में बैठें. वहां करीब 5 से 7 हजार लोग बैठकर खुद तय करें कि बांकीपुर से किसे चुनाव लड़ाना है. जनता जिसे उंगली रख देगी, वही जन सुराज का उम्मीदवार होगा और हम सब मिलकर उसे जिताएंगे." उन्होंने यह भी कहा कि अगर आपको कोई दल पसंद नहीं है, तो किसी अच्छे निर्दलीय उम्मीदवार को खड़ा कर जिताओ, लेकिन हर हाल में भाजपा को हराओ ताकि सरकार को आपकी ताकत का अहसास हो.

 

    follow google news