RLJP के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बने प्रिंस पासवान, पद संभालते ही किया यूपी विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान

• 08:23 PM • 28 Nov 2026

Bihar News: लंबे समय से बिहार की राजनीति में कम सक्रिय नजर आ रहे प्रिंस पासवान को RLJP की कमान मिल गई है. राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते ही उन्होंने यूपी विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया. इसके साथ ही आनंद मोहन मामले और परिसीमन पर भी अपनी बात रखी. जानिए उन्होंने क्या-क्या कहा.

प्रिंस पासवान बने RLJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष
प्रिंस पासवान बने RLJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष
Google CTA

चिराग पासवान के भाई और पूर्व सांसद प्रिंस पासवान एक बार फिर बिहार की राजनीति में सक्रिय होते दिखाई दे रहे हैं. उन्हें राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है. अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालते ही प्रिंस पासवान ने चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान कर दिया. उन्होंने यूपी विधानसभा लड़ने की बात कही है. इसके अलावा आनंद मोहन से जुड़े मामले और परिसीमन को लेकर भी अपनी राय रखी है.

Read more!

RLJP के 26वें स्थापना दिवस पर मिली बड़ी जिम्मेदारी

पटना स्थित पार्टी कार्यालय में राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी का 26वां स्थापना दिवस मनाया गया. इसी मौके पर पूर्व सांसद प्रिंस पासवान को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया. अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से बातचीत की. इस दौरान प्रिंस पासवान ने कहा कि पार्टी लगातार मजबूत हो रही है और नए लोग इससे जुड़ रहे हैं. उन्होंने स्थापना दिवस पर सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं.

अध्यक्ष बनते ही यूपी लड़ने का किया ऐलान

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद प्रिंस पासवान ने चुनावी तैयारियों को लेकर भी बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी का संगठन पूरे देश में है. खासकर पूर्वांचल में पार्टी की अच्छी पकड़ है. प्रिंस के मुताबिक, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ चर्चा के बाद यूपी चुनाव लड़ने का फैसला लिया गया है. पार्टी इसकी तैयारी में जुट गई है. हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी.

आनंद मोहन मामले में राजनीतिक रंग दिखने का लगाया आरोप

आनंद मोहन से जुड़े मामले पर भी प्रिंस पासवान ने अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम में राजनीतिक रंग दिखाई दे रहा है. उनके मुताबिक, बिहार सरकार और सुप्रीम कोर्ट को इस मामले में स्पष्टीकरण देना चाहिए. उन्होंने सवाल उठाया कि पहले जो फैसला लिया गया था, वह किस आधार पर लिया गया था और अब दोबारा आदेश किस आधार पर दिया गया है. प्रिंस ने कहा कि कानून से जुड़े ऐसे मामलों में जनता का विश्वास बनाए रखना जरूरी है.

परिसीमन पर क्या बोले प्रिंस पासवान?

परिसीमन के मुद्दे पर प्रिंस पासवान ने कहा कि देश की आबादी लगातार बढ़ रही है. ऐसे में जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ने से जनता की समस्याओं के समाधान में मदद मिल सकती है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि परिसीमन को लेकर सरकार की मंशा साफ होनी चाहिए. यह फैसला किसी एक राजनीतिक दल को फायदा पहुंचाने के लिए नहीं, बल्कि जनहित को ध्यान में रखकर लिया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि जिन लोगों को इसके पीछे की मंशा गलत लग रही है, वे इसका विरोध कर रहे हैं. अगर इसकी मंशा सही है तो यह एक अच्छा फैसला साबित हो सकता है.

बिहार की राजनीति में फिर सक्रिय होंगे प्रिंस पासवान?

प्रिंस पासवान लंबे समय से सक्रिय राजनीति में ज्यादा दिखाई नहीं दे रहे थे. अब RLJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है. यूपी चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारी शुरू होने की बात भी कही है. ऐसे में देखना होगा कि राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी यूपी चुनाव में कितनी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारती है और प्रिंस पासवान की अगुवाई में पार्टी आगे क्या रणनीति अपनाती है.

इनपुट: शुभम निराला

यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट में पुलिस की बड़ी लापरवाही, हाथ से हथकड़ी सरका कर फरार हुआ अपहरण का आरोपी, परिसर में मचा हड़कंप