पूर्णिया में रविवार की शाम एक ऐसा खौफनाक मंजर सामने आया. जिसे 9 साल का एक मासूम शायद जिंदगी भर नहीं भूल पाएगा. घर में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था. इसी दौरान पति ने कथित तौर पर गुस्से में कहा- आज सारा खेल खत्म कर देते हैं. इसके कुछ ही देर बाद उसने पिस्टल निकाली और अपनी पत्नी के सीने में गोली मार दी.
ADVERTISEMENT
गोली लगते ही महिला खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी. सबसे दर्दनाक बात यह रही कि इस पूरी वारदात के दौरान उनका 9 साल का बेटा मौके पर मौजूद था. बच्चे की आंखों के सामने उसकी मां की जिंदगी खत्म हो गई. घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया.
9 साल का बेटा बना मां की हत्या का चश्मदीद
घटना के बाद 9 साल के बच्चे ने रोते हुए अपने परिजनों को फोन किया और पूरी घटना की जानकारी दी. मृतका के मामा गौरी शंकर के मुताबिक, बच्चे ने बताया कि रविवार की शाम मम्मी और पापा के बीच किसी बात को लेकर बहस हो रही थी.
बेटे के मुताबिक विवाद के दौरान उसके पिता ने गुस्से में कहा कि आज सारा खेल खत्म कर देते हैं. इसके बाद उन्होंने पिस्टल निकाली और उसकी मां को गोली मार दी. गोली लगने के बाद मां जमीन पर गिर गईं और पिता पिस्टल लेकर वहां से फरार हो गए. परिजनों के मुताबिक घटना के बाद बच्चे और दूसरा बच्चा काफी डरे और सहमे हुए थे. घर के अंदर का मंजर देखकर परिवार के लोग भी सदमे में हैं.
अस्पताल पहुंचने से पहले ही बिगड़ी हालत
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन शालिनी को आनन-फानन में इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया लेकर पहुंचे. हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. शालिनी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. उनके मायके से भी परिजन पूर्णिया पहुंच गए.
कौन थीं शालिनी ?
मृतका शालिनी सरकारी शिक्षिका थीं. वो BPSC के जरिए शिक्षक पद पर चयनित हुई थीं और अररिया जिले के रानीगंज में सरकारी शिक्षिका के तौर पर कार्यरत थीं. वो श्रीनगर स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय में पढ़ाती थीं. शालिनी मूल रूप से मधेपुरा जिले के जबालपट्टी की रहने वाली थीं.
फिलहाल वो अपने पति राजकुमार और दो बच्चों के साथ पूर्णिया के कॉलेज चौक के पास किराए के मकान में रहती थीं. उनके पति राजकुमार कॉपरेटिव बैंक में काम करते हैं. घटना के बाद से राजकुमार फरार बताए जा रहे हैं.
कमरे से बरामद हुआ खोखा
घटना की सूचना मिलते ही के. हाट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान कमरे से एक खोखा बरामद किया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. शुरुआती जांच में पुलिस इस वारदात को पारिवारिक विवाद से जोड़कर देख रही है. पुलिस आरोपी पति राजकुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
हत्या के पीछे क्या था विवाद
इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर पति-पत्नी के बीच ऐसा क्या विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हत्या तक पहुंच गया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. इस वारदात में सबसे ज्यादा दर्द उस 9 साल के बच्चे के हिस्से आया है, जिसने अपनी मां को अपनी आंखों के सामने खो दिया.
एक तरफ मां की मौत का सदमा है और दूसरी तरफ पिता के फरार होने की हकीकत है. पुलिस की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही इस खौफनाक वारदात के पीछे की पूरी कहानी सामने आने की उम्मीद है.
ADVERTISEMENT


