MLA Raju Tiwari बोले- अधिकारी जनता से गलत व्यवहार करेंगे तो तोड़ देंगे हाथ-पैर

आशीष अभिनव

• 02:06 PM • 26 Aug 2026

LJP Ram Vilas के विधायक राजू तिवारी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता के साथ गलत व्यवहार करने वाले अफसरों की टांग तोड़ देंगे. मोतिहारी में उन्होंने अपने पुराने बयान को फिर दोहराया.

Raju Tiwari
Raju Tiwari
Google CTA

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक राजू तिवारी अपने एक बयान को लेकर फिर चर्चा में हैं. उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई अधिकारी क्षेत्र की जनता के साथ गलत व्यवहार करता है या उसका अनादर करता है, तो ऐसे अधिकारियों की टांग तोड़ने का काम किया जाएगा. राजू तिवारी ने यह बात मोतिहारी में दिशा की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही. खास बात यह है कि उन्होंने अपने पुराने बयान को ही एक बार फिर दोहराया और अपने रुख पर कायम नजर आए.
 

Read more!

'जनता का अनादर बर्दाश्त नहीं'

राजू तिवारी ने कहा कि जनता के साथ किसी भी तरह का गलत व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई अधिकारी आम लोगों के साथ दुर्व्यवहार करता है या उन्हें पैर से मारने जैसी हरकत करता है, तो वह इसका विरोध करेंगे. उन्होंने कहा कि वह अपने क्षेत्र में सक्रिय हैं और जनता की समस्याओं को लेकर लगातार अधिकारियों को सचेत करते रहे हैं. उनके मुताबिक, जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता के सम्मान की रक्षा करना उनकी जिम्मेदारी है.

अधिकारी के व्यवहार पर जताई थी नाराजगी

राजू तिवारी के मुताबिक, उनके विधानसभा क्षेत्र में एक अधिकारी द्वारा अस्पताल में इंजेक्शन लेने पहुंचे एक आम व्यक्ति के साथ कथित तौर पर पैर से मारने की बात सामने आई थी. इस घटना को लेकर वह काफी नाराज हुए थे. इसी मामले के संदर्भ में उन्होंने पहले भी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा था कि जनता के साथ बदसलूकी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ वह सख्त रुख अपनाएंगे.

मोतिहारी में फिर दोहराया बयान

अब मोतिहारी में दिशा की बैठक के बाद पत्रकारों के सामने राजू तिवारी ने एक बार फिर वही बात दोहराई है. उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है. राजू तिवारी का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है जब जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और जनता के साथ अधिकारियों के व्यवहार को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं. ऐसे में उनके बयान पर राजनीतिक प्रतिक्रिया क्या होती है, यह देखना दिलचस्प होगा.