रक्षाबंधन के मौके पर बिहार की बेटियों और बहनों के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तीन अहम पहलों की घोषणा की है. सरकार की इन योजनाओं में छात्राओं की सुरक्षा, उच्च शिक्षा और बेटियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर फोकस किया गया है. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इन योजनाओं की जानकारी साझा की. इनमें अभया ब्रिगेड के लिए 4,700 स्कूटर और मोटरसाइकिल, मुख्यमंत्री बालिका पीएचडी फेलोशिप और ‘बिहार की बेटी स्टार्टअप चैलेंज योजना’ शामिल हैं.
ADVERTISEMENT
बेटियों की सुरक्षा के लिए 4,700 वाहन
सरकार की पहली पहल छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ी है. इसके तहत पुलिस दीदी यानी अभया ब्रिगेड के लिए 4,700 स्कूटर और मोटरसाइकिल का लोकार्पण और फ्लैग-ऑफ किया जाएगा. इन वाहनों का इस्तेमाल स्कूल और कॉलेज जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा और संरक्षण से जुड़े कार्यों में किया जाएगा. सरकार का उद्देश्य अभया ब्रिगेड की पहुंच और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है, ताकि छात्राओं को सुरक्षित माहौल मिल सके.
पीएचडी करने वाली छात्राओं को हर महीने 10 हजार रुपये
बेटियों की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री बालिका पीएचडी फेलोशिप शुरू की जाएगी. इस योजना के तहत करीब 1,000 छात्राओं को आर्थिक सहायता देने की बात कही गई है.चयनित छात्राओं को चार साल तक हर महीने 10,000 रुपये की आर्थिक मदद मिलेगी. सरकार की इस पहल का उद्देश्य पीएचडी कर रही छात्राओं को पढ़ाई और शोध के दौरान आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है.
बेटियों के स्टार्टअप के लिए 2 लाख रुपये तक की मदद
तीसरी पहल बेटियों को कारोबार और स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ाने से जुड़ी है. सरकार ‘बिहार की बेटी स्टार्टअप चैलेंज योजना’ शुरू करेगी.इस योजना के तहत बेटियों को 50 हजार रुपये से लेकर 2 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता देने का प्रावधान बताया गया है. इसका मकसद बेटियों को अपना कारोबार या स्टार्टअप शुरू करने के लिए शुरुआती आर्थिक सहयोग देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है.
सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर फोकस
रक्षाबंधन पर घोषित इन तीनों पहलों में सरकार ने बेटियों से जुड़े तीन महत्वपूर्ण क्षेत्रों को केंद्र में रखा है. अभया ब्रिगेड के जरिए सुरक्षा, पीएचडी फेलोशिप के जरिए उच्च शिक्षा और स्टार्टअप चैलेंज के जरिए आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की कोशिश की गई है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मुताबिक, महिलाओं की उन्नति बिहार की प्रगति से जुड़ी है. सरकार बेटियों और बहनों की सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को लेकर लगातार काम कर रही है.
ADVERTISEMENT


