बांकीपुर में हार के बाद तेजस्वी ने लिया बड़ा फैसला, RJD में बिहार की सभी सांगठनिक इकाइयां भंग

आशीष अभिनव

• 11:13 AM • 07 Aug 2026

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मिली करारी हार के बाद राजद ने बिहार में बड़ा सांगठनिक फेरबदल किया है. प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल के आदेश पर जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर की सभी समितियां तत्काल प्रभाव से भंग कर दी गई हैं

RJD में बिहार की सभी सांगठनिक इकाइयां भंग
Tejashwi yadav
Google CTA

पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों के बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने संगठन स्तर पर अब तक का सबसे बड़ा फैसला लिया है. पार्टी नेतृत्व ने बिहार में पंचायत से लेकर जिला स्तर तक की सभी संगठनात्मक इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है. प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल की ओर से जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, यह कार्रवाई राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के निर्देशों के तहत की गई है.  

Read more!

सभी प्रकोष्ठ और संबद्ध कमेटियां भी निरस्त

पार्टी के इस कड़े फैसले की जद में केवल मुख्य संगठन ही नहीं, बल्कि RJD के सभी मोर्चे, प्रकोष्ठ और संबद्ध कमेटियां भी आई हैं. प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक के सभी पदों को शून्य घोषित कर दिया गया है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बांकीपुर उपचुनाव में मिली करारी शिकस्त के बाद संगठन के भीतर जारी खींचतान और भितरघात की शिकायतों को देखते हुए यह सर्जरी जरूरी मानी जा रही थी.

जल्द शुरू होगी नए सिरे से पुनर्गठन की कवायद

जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पार्टी जल्द ही पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर नई कमेटियों के गठन की प्रक्रिया शुरू करेगी. नए ढांचे में निष्क्रिय नेताओं की छुट्टी की जाएगी और जमीन पर काम करने वाले युवाओं व समर्पित कार्यकर्ताओं को तवज्जो दी जाएगी.

अंदरूनी कलह और हार की समीक्षा 

उल्लेखनीय है कि बांकीपुर उपचुनाव के नतीजे आने के बाद से ही RJD के भीतर जुबानी जंग तेज हो गई थी. हार के बाद कई वरिष्ठ नेताओं ने सार्वजनिक रूप से पार्टी के आंतरिक तंत्र और संगठन पर सवाल खड़े किए थे. इस फैसले को RJD के अंदरूनी असंतोष को शांत करने और संगठन को अनुशासन में लाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है. साथ ही, आगामी चुनावों के लिए तेजस्वी की नई रणनीति भी मानी जा रही है. 

आरजेडी में हो सकता है बड़ा फैसला 

बिहार की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों और आने वाले चुनावों को देखते हुए तेजस्वी यादव अब पार्टी की नए सिरे से गढ़न की कोशिश कर रहे हैं. RJD का लक्ष्य एक ऐसा धारदार और कैडर-आधारित संगठन तैयार करना है जो धरातल पर वोटों को एकजुट रख सके. हालांकि, पार्टी ने अभी नई कार्यकारिणी की घोषणा की कोई निश्चित तारीख तय नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि अगले कुछ हफ्तों में नए पदाधिकारियों की सूची आनी शुरू हो जाएगी.