RJD के विधान पार्षद डॉ. संजीव कुमार ने जनता दल यूनाइटेड (JDU) में बड़ी टूट की आशंका जताई है. बिहार तक को दिए इंटरव्यू में उन्होंने दावा किया कि JDU के करीब 80 फीसदी विधायक बीजेपी के संपर्क में आ चुके हैं. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इसको लेकर बड़ा खुलासा हो सकता है. डॉ. संजीव के मुताबिक, पार्टी के भीतर की स्थिति ऐसी हो गई है कि JDU अब बिखरने की ओर बढ़ रही है.
ADVERTISEMENT
'पार्टी अब कोलैप्स होने वाली है'
डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि JDU की मौजूदा स्थिति को देखकर लगता है कि पार्टी अब कोलैप्स होने वाली है. उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार को पार्टी के ही कुछ नेताओं ने किनारे कर दिया. उनके मुताबिक, जिन नेताओं का वह पहले विरोध करते थे, वही बीजेपी के साथ चले गए और नीतीश कुमार को पार्टी में कमजोर कर दिया. डॉ. संजीव ने इसे JDU के अंदर चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम का नतीजा बताया.
MLC चुनाव के बाद दो निर्दलीय सदस्यों के बीजेपी में जाने पर उठाए सवाल
JDU में टूट की आशंका के पीछे डॉ. संजीव कुमार ने हालिया MLC चुनाव का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि चुनाव में JDU के उम्मीदवारों को हराकर जीतने वाले दो निर्दलीय विधान पार्षदों ने चुनाव के तुरंत बाद बीजेपी की सदस्यता ले ली. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या चुनाव के दौरान ही इन उम्मीदवारों को समर्थन दिया गया था और क्या पहले से ही उनके बीजेपी में जाने की तैयारी थी. डॉ. संजीव ने इन दोनों विधान पार्षदों की सदस्यता को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि इस मामले में कानूनी सवाल खड़े हो रहे हैं और अब देखना होगा कि विधान परिषद के सभापति क्या फैसला लेते हैं. हालांकि, सदस्यता को लेकर अंतिम फैसला संबंधित संवैधानिक प्राधिकारी को करना है.
नीतीश कुमार के 'थ्री सी' वाले सिद्धांत पर क्या बोले?
इंटरव्यू में डॉ. संजीव कुमार से पूछा गया कि नीतीश कुमार की राजनीति में 'थ्री सी' यानी क्राइम, करप्शन और कम्युनलिज्म से समझौता नहीं करने की बात कही जाती रही है. क्या मौजूदा सरकार में इस सिद्धांत से समझौता हो रहा है? इस पर उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को जिस तरह से पार्टी के भीतर किनारे किया गया, उसके बाद JDU की स्थिति बदल गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि अब पार्टी में पहले जैसी स्थिति नहीं रह गई है और बीजेपी के साथ उसका रिश्ता भी बदल चुका है.
तेजस्वी यादव को बताया बिहार का लोकप्रिय युवा चेहरा
तेजस्वी यादव के नेतृत्व पर बात करते हुए डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि बिहार में उनके जैसा लोकप्रिय नेता फिलहाल किसी दूसरी पार्टी में नहीं है. उन्होंने तेजस्वी को युवा चेहरा बताते हुए कहा कि लोगों को उन पर भरोसा है. उन्होंने यह भी कहा कि जब तेजस्वी यादव मंत्री थे, तब करीब ढाई लाख शिक्षकों को नौकरी देने की प्रक्रिया की शुरुआत हुई थी. डॉ. संजीव के मुताबिक, इसी तरह के कामों की वजह से युवाओं के बीच तेजस्वी की स्वीकार्यता है.
बीजेपी में तेजस्वी जैसा लोकप्रिय नेता नहीं: डॉ. संजीव
डॉ. संजीव कुमार ने बीजेपी के नेतृत्व पर भी टिप्पणी की. उन्होंने सवाल उठाया कि बिहार में बीजेपी का ऐसा कौन सा नेता है, जिसके पीछे तेजस्वी यादव जैसी जनस्वीकृति हो. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को लोग पसंद करते हैं और युवा होने के साथ-साथ उनके पास एक बड़ा जनाधार भी है. ये सभी बातें डॉ. संजीव कुमार ने बिहार तक को दिए इंटरव्यू में कही हैं.
ADVERTISEMENT


