सिंगापुर से पटना लौटने के बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य लगातार राजनीतिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं. भाई तेजस्वी यादव के साथ कथित नाराजगी की खबरों के बीच रोहिणी आचार्य देर रात अचानक अपने मामा और पूर्व सांसद साधु यादव के पटना स्थित आवास पहुंचीं. वर्षों की राजनीतिक और पारिवारिक दूरी के बाद लालू परिवार के किसी सदस्य का साधु यादव के घर पहुंचना बिहार की सियासत में नए समीकरणों की ओर इशारा कर रहा है.
ADVERTISEMENT
मामा के घर पहुंचीं रोहिणी, लिया आशीर्वाद
पटना पहुंचने के बाद से ही रोहिणी आचार्य काफी सक्रिय नजर आ रही हैं. इसी क्रम में वे देर रात अपने मामा साधु यादव के घर पहुंचीं, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया. रोहिणी ने अपने मामा के पैर छूकर आशीर्वाद लिया. दोनों के बीच काफी देर तक पारिवारिक बातचीत हुई.
'छपरा से चुनाव लड़ेंगी रोहिणी और जीतेंगी'
मुलाकात के बाद पूर्व सांसद साधु यादव ने मीडिया से बातचीत में बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि रोहिणी के साथ उनकी कभी कोई दूरी नहीं रही है, वह उनकी भगिनी हैं और उन्हें पूरे परिवार का भरपूर समर्थन प्राप्त है. राजनीतिक भविष्य पर बोलते हुए साधु यादव ने दावा किया कि रोहिणी आचार्य छपरा (सारण) से ही चुनाव लड़ेंगी और वहां से जीत हासिल कर लोकसभा पहुंचेंगी. हमारा और पूरे परिवार का आशीर्वाद और समर्थन उनके साथ हमेशा रहेगा.
पारिवारिक मुलाकात या नए राजनीतिक समीकरण?
जब इस अचानक हुई मुलाकात के राजनीतिक मायने पूछे गए, तो साधु यादव ने इसे एक पूरी तरह से पारिवारिक मुलाकात करार दिया. उन्होंने कहा कि इसमें कोई राजनीति नहीं है और रोहिणी केवल अपने मामा से मिलने और आशीर्वाद लेने आई थीं. गौरतलब है कि लालू प्रसाद यादव और उनके साले साधु यादव के बीच बीते कई सालों से रिश्तों में कड़वाहट और दूरी जगजाहिर रही है.
ऐसे में तेजस्वी यादव से रोहिणी की अनबन की खबरों के ठीक बाद साधु यादव का खुलकर सामने आना और रोहिणी को छपरा से चुनाव लड़ाने का दावा करना कई सवाल खड़े करता है. अब देखना दिलचस्प होगा कि साधु यादव का यह दावा सिर्फ एक पारिवारिक भावुकता है या फिर बिहार की राजनीति में लालू परिवार के भीतर कोई नया मोड़ आने वाला है.
समस्तीपुर में जनसुराज नेता राजकपूर गिरफ्तार, अपराधियों को लाइसेंसी राइफल देने का आरोप
ADVERTISEMENT


