सोना छोड़ पकौड़े पर आए सुनार! रोहतास में ज्वैलरी शॉप के बाहर खुला चाय का स्टॉल, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान।

Tea Stall Viral News: रोहतास के डेहरी में पीएम नरेंद्र मोदी की ‘एक साल तक सोना न खरीदने’ की अपील के विरोध में एक सुनार ने अपनी ज्वैलरी शॉप के बाहर चाय-पकौड़े का स्टॉल खोल दिया. स्वर्णकार समाज में नाराजगी बढ़ती दिख रही है. जानिए आखिर क्यों सुनारों को सड़क पर उतरना पड़ा और कैसे इस फैसले को लेकर बिहार में विरोध तेज हो गया.

Tea Stall Viral News
Tea Stall Viral News

रंजन कुमार

follow google news

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से एक साल तक सोना न खरीदने की अपील किए जाने के बाद देश के स्वर्णकार समाज में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है. इस अपील के विरोध में बिहार के रोहतास जिले के डेहरी से विरोध की एक बेहद अनोखी तस्वीर सामने आई है. यहां एक आभूषण दुकान के मालिक ने पीएम मोदी के इस फैसले के खिलाफ अपनी सोने-चांदी की दुकान के ठीक सामने ही चाय और पकौड़े का स्टॉल लगा दिया है.

Read more!

पीएम मोदी ने की थी ये अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्वव्यापी आर्थिक मंदी को देखते हुए देश के नागरिकों से एक साल तक सोना न खरीदने का आह्वान किया था. पीएम मोदी ने कहा था कि सोने की खरीद में बहुत अधिक विदेशी मुद्रा खर्च होती है. उन्होंने पुराने दौर का हवाला देते हुए कहा कि एक जमाना था जब देश पर संकट या युद्ध आता था, तो लोग देशहित में सोना दान कर देते थे. आज दान की जरूरत नहीं है, लेकिन देशहित में हमें यह तय करना होगा कि साल भर तक घर में कोई भी फंक्शन या कार्यक्रम हो, हम सोने के गहने या सोना नहीं खरीदेंगे.

सुनार ने दुकान के बाहर खोला चाय-पकौड़े का स्टॉल

प्रधानमंत्री की इस अपील का डेहरी के पाली रोड स्थित प्रसिद्ध आभूषण दुकान 'श्री लक्ष्मी ज्वैलर्स' के मालिक सच्चिदानंद प्रसाद ने एक अजीबोगरीब तरीके से विरोध दर्ज कराया है. उन्होंने अपनी सोने-चांदी की दुकान के सामने ही बकायदा विधिवत तरीके से चाय, पकौड़े और नाश्ते की दुकान का उद्घाटन कर डाला. व्यवसायी ने साफ कहा कि जब दुकानदारी ही ठप हो गई है, तो बच्चों का पेट पालने के लिए उन्हें अब यही रास्ता अपनाना पड़ रहा है.

'चाइना से सीखें मोदी जी, देश की अर्थव्यवस्था होगी कमजोर'

व्यवसाय पर पड़े असर को लेकर दुकानदार सच्चिदानंद प्रसाद ने सरकार की आर्थिक नीतियों पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि मोदी जी के इस आह्वान का हमारे व्यवसाय पर पूरा असर पड़ा है और दुकानों से ग्राहक पूरी तरह गायब हो चुके हैं.

उन्होंने चीन का उदाहरण देते हुए कहा कि इस समय चाइना लगातार सोना खरीदकर अपनी इकोनॉमी को मजबूत कर रहा है, जबकि मोदी जी सोना खरीदने से मना कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सोना देश में रहने से अर्थव्यवस्था मजबूत होती है, लेकिन सरकार रोक लगाकर देश की करेंसी को कमजोर कर रही है. उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि अब दुकान की बिक्री खत्म होने के बाद वह और उनकी पत्नी मिलकर पकौड़े छानेंगे ताकि बच्चों को दाल-रोटी खिला सकें.

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी जताई चिंता

इस चाय-पकौड़े की दुकान के उद्घाटन समारोह में पहुंचीं स्थानीय पार्षद शशि कुमारी ने भी स्वर्णकारों की इस स्थिति पर चिंता व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा जनता से सोना न खरीदने के लिए कहने के कारण हमारे सुनार भाइयों के रोजी-रोजगार पर ताला लगने की नौबत आ गई है और वे बहुत बड़ी परेशानी का सामना कर रहे हैं. उन्होंने पीएम मोदी से अपील की है कि वे ऐसा कदम न उठाएं जिससे छोटे और मध्यम व्यापारियों का धंधा चौपट हो जाए.

    follow google news