बिहार: मटन का वादा कर प्लेट में परोसा चिकन, नाराज बारातियों ने काटा हंगामा, मारपीट का वीडियो वायरल

धीरज कुमार सिंह

• 04:37 PM • 12 Jul 2026

Saharsa Marriage Fight Viral Video: बिहार के सहरसा में एक शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब खाने के मेन्यू को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. मटन की जगह चिकन परोसने का आरोप लगते ही बारात में जमकर मारपीट हुई. कई लोग घायल हुए और अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

सहरसा में निकाह के दौरान खाने को लेकर हुए हुआ भयंकर बवाल
सहरसा में निकाह के दौरान खाने को लेकर हुए हुआ भयंकर बवाल
Google CTA

Saharsa Wedding Menu Controversy: बिहार के सहरसा में एक शादी में खाने को लेकर जमकर बावाल हो गया. मामला महषी प्रखंड के अंतर्गत आने वाले राजनपुर गांव का है. यहां गुरुवार काे राजनपुर गांव में सिमरी बख्तियारपुर से बारात आई. करीब 3:00 बजे निकाह की सभी रस्में संपन्न कराई गईं. दूल्हा और दुल्हन दोनों ही पक्षों के लोग बेहद खुश थे. रस्में पूरी होने के बाद मेहमानों के लिए दावत का प्रबंध शुरू हुआ. लेकिन जैसे ही बाराती भोजन करने के लिए पंडाल में बैठे तो यहां एक बड़े विवाद की शुरुआत हो गई. दरअसल, शादी में मेहमानों को परोसे गए खाने के मेन्यू में बदलाव हो गया. इसी से नाराज बारातियों ने शादी समारोह में जमकर हंगामा कर दिया. 

Read more!

मटन की जगह परोस दिया चिकन

दूल्हा पक्ष की ओर से आए लोगों का आरोप है कि लड़की पक्ष की तरफ से पहले यह वादा किया गया था कि शादी की दावत में खस्सी (मटन) का मीट बनाया जाएगा. लेकिन जब खाना परोसने की बारी आई, तो मेहमानों की प्लेट में मटन के बजाय मुर्गा (चिकन) रख दिया गया. दावत में हुए इस बदलाव को देखकर बारातियों ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच शुरू हुई बहस बड़ी कहासुनी में बदल गई और मामला हाथापाई तक आ पहुंचा.

लाठी-डंडों और हथियारों से हमला, कई लोग घायल

विवाद शुरू होने के महज कुछ ही मिनटों के भीतर शादी का पूरा पंडाल चीख-पुकार और भगदड़ के मैदान में तब्दील हो गया. दोनों तरफ के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर लाठियां और डंडे चलने लगे. पीड़ित पक्ष के अनुसार, लोग बांस, कुर्सियां और अन्य चीजें निकालकर हमला करने लगे. इस भीषण मारपीट में दूल्हा पक्ष के लगभग 7 से 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी जख्मी लोगों को तुरंत सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घायल दूल्हे के चाचा और अन्य बारातियों का सीधा आरोप है कि जब उन्होंने केवल खाने के मेन्यू पर सवाल उठाया, तो गांव के लोगों ने मिलकर उन पर अचानक हमला कर दिया. हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर लड़की पक्ष का विस्तृत बयान अभी तक सामने नहीं आया है.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

इस पूरी हिंसक घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि जो लोग कुछ देर पहले तक निकाह का जश्न मना रहे थे, वे एक-दूसरे पर लाठियां बरसा रहे हैं. इस भगदड़ के बाद दूल्हा पक्ष ने स्थानीय पुलिस प्रशासन से मामले की लिखित शिकायत करने की बात कही है. वहीं पुलिस का कहना है कि आधिकारिक तौर पर शिकायत मिलते ही पूरे मामले की गहनता से जांच की जाएगी और जो भी इस उपद्रव के लिए दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

यह भी पढ़ें: टोयोटा विवाद के बीच FIR और नितिन गडकरी पर भड़के मनीष कश्यप, बोले- 'बिहारी को दबाना आसान...