समस्तीपुर में जनसुराज पार्टी के नेता और मोहिउद्दीननगर विधानसभा से चुनाव लड़ चुके राजकपूर सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, राजकपूर सिंह पर अपनी लाइसेंसी राइफल अपराधियों को उपलब्ध कराने का आरोप है.
ADVERTISEMENT
मामला मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव का है. पुलिस के अनुसार, 6 जून 2025 को STF और स्थानीय पुलिस ने सरोज सिंह के घर पर संयुक्त रूप से छापेमारी की थी. इस दौरान बड़ी संख्या में अवैध और प्रतिबंधित हथियार बरामद किए गए थे.
जांच के दौरान बरामद हथियारों में एक लाइसेंसी राइफल भी मिली. पुलिस के मुताबिक, सत्यापन में पता चला कि यह राइफल अन्दौर निवासी राजकपूर सिंह के नाम पर लाइसेंसी है. बरामद राइफल का नंबर 166109096 बताया गया है.
राइफल चोरी होने की शिकायत की थी
पुलिस का दावा है कि जब राजकपूर सिंह को अपनी लाइसेंसी राइफल के अपराधियों के पास से बरामद होने की जानकारी मिली, तो उन्होंने कोर्ट में राइफल चोरी होने का परिवाद दाखिल किया.
न्यायालय के आदेश के बाद बरामद राइफल का भौतिक मिलान और सत्यापन कराया गया. पुलिस के अनुसार, जांच में बरामद हथियार वही निकला जो राजकपूर सिंह के नाम पर लाइसेंसी था. इसके बाद तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने राजकपूर सिंह को गिरफ्तार कर लिया.
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि लाइसेंसी राइफल अपराधियों तक कैसे पहुंची और क्या इस हथियार का इस्तेमाल किसी आपराधिक वारदात में किया गया था.
बीजेपी से जनसुराज में हुए थे शामिल
राजकपूर सिंह जनसुराज में शामिल होने से पहले बीजेपी से जुड़े हुए थे. विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने 15 अक्टूबर 2025 को जनसुराज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी. इसके बाद उन्होंने मोहिउद्दीननगर विधानसभा सीट से जनसुराज के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था.
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और बरामद राइफल के संभावित आपराधिक इस्तेमाल की भी जानकारी जुटाई जा रही है.
ADVERTISEMENT


