दृश्यम देखकर बनाया हत्या का प्लान, 2000 किमी आया भी...लेकिन एक गलती ने खोल दी पूरी राज! समस्तीपुर से आई चौंकाने वाली कहानी

जहांगीर आलम

• 12:55 PM • 05 Oct 2026

Samastipur Murder Case: बिहार के समस्तीपुर में पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने बेटे शिव शंकर को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में दावा किया कि उसे 'दृश्यम' फिल्म देखने के बाद हत्या का आइडिया आया था. आरोप है कि वह सूरत से करीब 2000 किमी का सफर तय कर गांव पहुंचा और मोबाइल बंद करके वारदात को अंजाम दिया. जानें पूरी कहानी.

Samastipur Murder Case
Samastipur Murder Case
Google CTA

हाल ही में मशहूर एक्टर अजय देवगन की नई मूवी 'दृश्यम 3: द कंक्लूजन' रिलीज हुई, जिसने सिनेमाघरों में धूम मचा रखी है. लेकिन आपने शायद सपने में भी नहीं सोचा होगा कि कोई शख्स अजय देवगन की दृश्यम जैसी मूवी को देखकर कुछ खतरनाक भी कर सकता है. ऐसा ही कुछ चौंकाने वाला मामला बिहार के समस्तीपुर जिले से सामने आया है, जहां एक बेटे ने दावा किया कि उसे दृश्यम फिल्म देखने के बाद खुराफाती आइडिया आया और फिर उसने अपने पिता की हत्या कर दी. चौंकाने वाली यह है कि इस घटना को अंजाम देने के लिए शख्स करीब 2000 किमी. दूर से आया, लेकिन इसी दौरान उसने एक ऐसी गलती कर दी, जिसके बाद अब वह जिंदगी पर पछताना पड़ सकता है. आइए विस्तार से जानते है इस मामले की पूरी कहानी.

Read more!

कुल्हाड़ी से मार-मारकर की गई हत्या

मामला समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र के दरवा गांव से सामने आया है. मिली जानकारी के मुताबिक, इसी गांव का रहने वाला रघुवीर सहनी अपने घर के दरवाजा सोते थे. 26 जुलाई की देर रात जब वे सो रहे थे, तो उनकी हत्या कर दी गई. आरोपी ने रघुवीर सहनी के सिर पर कुल्हाड़ी से कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद आरोपी कुल्हाड़ी वहीं छोड़कर फरार हो गया.

घटना की जानकारी जैसे ही पुलिस को मिली, वह दल-बल के साथ वहां पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम को भी बुलाया गया ताकि सभी सबूतों को इकट्ठा किया जाए. इसी बीच जांच के दौरान पुलिस को शक हुआ कि वारदात को किसी बाहरी व्यक्ति ने ही नहीं बल्कि किसी करीबी ने ही अंजाम दिया है.

बेटे पर घूमी शक की सुई!

पुलिस ने अपने शक के आधार रघुवीर सहनी के परिजनों और करीबियों की गतिविधियों की जांच शुरू कर दी. जांच में इस बार शक की सुई रघुवीर के बेटे शिव शंकर की ओर घूमी. फिर पुलिस ने उसकी जांच-पड़ताल शुरू कर दी. पुलिस के मुताबिक, रघुवीर और उसके बेटे शिव शंकर में जमीन को लेकर विवाद था. कथित तौर पर रघुवीर इन दोनों को गालियां भी देता था. इसी कारण से वह घर छोड़कर सूरत जाकर कमाने और रहने लगा था. इसी बीच जब शिव शंकर अपने पिता के श्राद्ध कर्म में भी नहीं पहुंचा तो धीरे-धीरे पुलिस का शक और गहराता गया. पुलिस जांच के दौरान जब तमाम चीजें शिव शंकर की ओर इशारा कर रहे थे, तब पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू कर दी. 

एक गलती ने खोल दी सारी पोल

मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने जब तकनीकी जांच शुरू की तो शुरुआत में उन्हें कुछ नहीं मिला. फिर जांच जैसे ही आगे बढ़ी, शिव शंकर की एक गलती ने ही पूरी ही कहानी पलट कर रख दी. दरअसल, शिव शंकर ने इस पूरे घटना क्रम के दौरान अपना मोबाइल फोन बंद कर रखा था. लेकिन हत्या को अंजाम देने के बाद उसने अपना मोबाइल फोन ऑन किया था और अपनी पत्नी से बातचीत भी की थी.

पुलिस ने इसे सुराग के आधार पर जांच जारी रखी तब पता चला की घटना वाली रात शिव शंकर पटोरी स्टेशन के आसपास था. फिर लगभग 36 घंटे बाद पुलिस को मोबाइल का लोकेशन सूरत में दिखाई दिया, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया.

पूछताछ में हुआ खुलासा, दृश्यम से मिला था आइडिया

जानकारी के मुताबिक, पुलिस पूछताछ में शिव शंकर ने कथित तौर पर बताया है कि सूरत में रहने के दौरान उसने दृश्यम फिल्म देखी थी. इसके बाद ही उसके दिमाग में अपने पिता की हत्या करने का खुराफाती आइडिया आया. इसलिए वह सूरत से गांव निकला. पुलिस के मुताबिक, सूरत से ट्रेन से निकलने से पहले ही उसने अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर दिया, ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस ना हो सकें. फिर वह ट्रेन से पहले पटना पहुंचा और देर शाम को हाजीपुर से ट्रेन पकड़कर पटोरी स्टेशन उतरा.

प्लानिंग के तहत फिर ऑटो से जोरपुर और फिर करीब 4 किलोमीटर पैदल चलकर रात के 12 बजे अपने घर पहुंचा. शिव शंकर को अपने घर के सारे रास्ते पता थे, इसलिए वह पीछे के दरवाजे में घर में घुसा और कोठरी से कुल्हाड़ी निकालकर दरवाजे पर सो रहे पिता की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक, ताबड़तोड़ वार किए जाने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई. फिर शिव शंकर वहीं से वापस पटोरी स्टेशन चला गया. लेकिन यहां जो उसने फोन ऑन कर अपनी पत्नी से बातचीत की, उसकी वजह से अब वह पकड़ा गया और अब उसे जिंदगी भर इसके लिए पछताना पड़ सकता है.

समस्तीपुर में जनसुराज नेता राजकपूर गिरफ्तार, अपराधियों को लाइसेंसी राइफल देने का आरोप