चेहरा मॉडल जैसा... काम गैरकानूनी! समस्तीपुर स्टेशन पर नेहा के दो सूटकेस खुले तो चौंक गई पुलिस

जहांगीर आलम

• 08:29 AM • 06 Sep 2026

समस्तीपुर में आरपीएफ और सीआईबी ने स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के AC फर्स्ट कोच से करीब 75 लीटर शराब पकड़ी. शराब दो सूटकेस में रखी थी. पुलिस ने समस्तीपुर की नेहा कुमारी और हरियाणा के ईशान कुमार को गिरफ्तार किया है.

samastipur
samastipur
Google CTA

बिहार में शराब पर रोक है. इसके बाद भी दूसरे राज्यों से शराब लाकर यहां बेचने का सिलसिला जारी है. समस्तीपुर में ऐसा ही एक मामला सामने आया है. यहां ट्रेन के AC फर्स्ट क्लास कोच से करीब 75 लीटर ब्रांडेड शराब पकड़ी गई है.

Read more!

शराब दो सूटकेस में रखी हुई थी. इस मामले में एक युवती और एक युवक को गिरफ्तार किया गया है. युवती की पहचान समस्तीपुर के सिंघिया घाट थाना क्षेत्र के बारी गांव की रहने वाली नेहा कुमारी के रूप में हुई है. उसके साथ हरियाणा के करनाल का रहने वाला ईशान कुमार भी पकड़ा गया है.

पुलिस को पहले ही मिल गई थी सूचना

मामला स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस का है. ट्रेन नई दिल्ली से जयनगर जा रही थी. आरपीएफ को सूचना मिली थी कि ट्रेन में एक युवती शराब लेकर सफर कर रही है. सूचना मिलते ही आरपीएफ और सीआईबी की टीम समस्तीपुर स्टेशन पहुंच गई. टीम ट्रेन के आने का इंतजार करने लगी. जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर पहुंची, जवानों ने AC फर्स्ट क्लास के H-1 कोच में जांच शुरू कर दी.

दो सूटकेस में मिली शराब

जांच के दौरान पुलिस ने एक युवती के दो सूटकेस की तलाशी ली. सूटकेस खुलते ही उसमें शराब की बोतलें मिलीं. पुलिस के मुताबिक दोनों बैगों में करीब 75 लीटर ब्रांडेड शराब थी. इसके बाद पुलिस ने युवती को शराब से भरे दोनों सूटकेस के साथ ट्रेन से उतार लिया.

पूछताछ में युवती का नाम नेहा कुमारी सामने आया. बताया गया कि वह नई दिल्ली से शराब लेकर समस्तीपुर आ रही थी.

साथ सफर कर रहा युवक भी पकड़ा गया

नेहा के साथ AC फर्स्ट क्लास में हरियाणा के करनाल का ईशान कुमार भी सफर कर रहा था. पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां पहुंचाई जानी थी.

गिरफ्तारी के बाद वीडियो हुआ वायरल

नेहा की गिरफ्तारी के बाद उसकी तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे. लोग इस मामले को लेकर अलग-अलग तरह की बातें कर रहे हैं.

हालांकि पुलिस का कहना है कि कार्रवाई शराब की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के आधार पर की गई है. सोशल मीडिया पर चल रही बातों को जांच का आधार नहीं माना गया है.

अब पता लगाया जा रहा पूरा नेटवर्क

पुलिस अब इस मामले की आगे जांच कर रही है. सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब किसके लिए लाई जा रही थी. जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप किसे दी जानी थी और इसके पीछे और कौन लोग हैं. पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि नेहा पहले से शराब तस्करी में शामिल थी या नहीं.

अगर जांच में किसी बड़े नेटवर्क का पता चलता है तो इस मामले में आगे और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है.

बिहार में शराबबंदी के बावजूद इस तरह के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. समस्तीपुर की इस कार्रवाई ने एक बार फिर शराब की तस्करी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.