Samastipur Train Video: हाजीपुर की ट्रेन पकड़ने की थी जल्दी, रेलवे ट्रैक पार करते ही आ गई मालगाड़ी, फिर जो हुआ...

बिहार के समस्तीपुर जिले से एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसे देखकर हर कोई दंग है. यहां शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर एक पूरा परिवार चलती मालगाड़ी की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया. रेलवे ट्रैक पार करते समय अचानक मालगाड़ी चल पड़ी, जिसके बाद तीन महिलाएं और एक मासूम बच्चा पटरी और प्लेटफॉर्म की दीवार के बीच फंस गए.

Samastipur
Samastipur

जहांगीर आलम

follow google news

बिहार के समस्तीपुर जिले से एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसे देखकर हर कोई दंग है. यहां शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर एक पूरा परिवार चलती मालगाड़ी की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया. रेलवे ट्रैक पार करते समय अचानक मालगाड़ी चल पड़ी, जिसके बाद तीन महिलाएं और एक मासूम बच्चा पटरी और प्लेटफॉर्म की दीवार के बीच फंस गए. उनके ऊपर से ट्रेन के करीब 10 डिब्बे गुजर गए, लेकिन गनीमत रही कि सभी की जान बच गई. इस खौफनाक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Read more!

हाजीपुर की ट्रेन पकड़ने के चक्कर में हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, समस्तीपुर के रोसड़ा का रहने वाला यह परिवार वैशाली जिले के जंदाहा में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था. शादी के बाद परिवार के 6 लोग ऑटो से वापस रोसड़ा लौटने के लिए शाहपुर पटोरी स्टेशन पहुंचे. वे सभी प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर खड़े थे. इसी बीच एनाउंसमेंट हुआ कि हाजीपुर जाने वाली उनकी ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर आ रही है. ट्रेन छूटने के डर से पूरा परिवार ओवरब्रिज की बजाय सीधे रेलवे ट्रैक पार करके दूसरे प्लेटफॉर्म की तरफ भागने लगा.

दीवार से चिपककर बचाई जान

ट्रैक पार करने के दौरान दो लोग तो सुरक्षित प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर चढ़ गए, लेकिन तीन महिलाएं और एक बच्चा पीछे ही छूट गए. इसी बीच ट्रैक पर खड़ी मालगाड़ी अचानक तेज रफ्तार में चलने लगी. मौत को सामने देख महिलाओं ने गजब की सूझबूझ दिखाई. उन्होंने घबराने के बजाय बच्चे को कसकर पकड़ा और खुद को प्लेटफॉर्म की पक्की दीवार से बिल्कुल सटा लिया. ट्रेन के करीब 10 डिब्बे उनके ऊपर से सरसराते हुए निकल गए. ट्रेन के लोहे के हिस्सों से टकराने के कारण महिलाएं मामूली रूप से घायल हुई हैं, लेकिन सभी सुरक्षित हैं.

अस्पताल में भर्ती, सोशल मीडिया पर चर्चा तेज

हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों और रेलवे कर्मचारियों की मदद से घायलों को तुरंत पटोरी अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. घायलों की पहचान रोसड़ा निवासी सोनाली देवी, जयमाला देवी और ममता देवी के रूप में हुई है. डॉक्टर के अनुसार सभी की हालत अब खतरे से बाहर है. इंटरनेट पर लोग इस वीडियो को देखकर इसे 'जाको राखे साइयां मार सके न कोय' की जीती-जागती मिसाल बता रहे हैं. कई लोग इसे मां की ममता की ताकत कह रहे हैं, तो वहीं कई लोग इसे जानलेवा लापरवाही मान रहे हैं.

 

    follow google news