बांकीपुर हार पर बोले CM सम्राट चौधरी, ‘गलती हुई, आत्ममंथन कर रहे हैं’ PK पर तंज- ‘वो बेचारा है’

आशीष अभिनव

• 11:05 AM • 09 Sep 2026

बांकीपुर उपचुनाव में BJP की हार पर CM सम्राट चौधरी ने कहा कि पार्टी आत्ममंथन कर रही है. प्रशांत किशोर पर तंज कसते हुए बोले- ‘वो बेचारा है.’

CM Samrat Chaudhary Prashant Kishor
CM Samrat Chaudhary Prashant Kishor
Google CTA

पटना: बांकीपुर उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की हार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पार्टी के लिए एक चेतावनी बताया है. उन्होंने माना कि चुनाव में संगठन से कुछ गलतियां हुई हैं और पार्टी अब इन गलतियों का आत्ममंथन कर रही है. वहीं, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के लगातार हमलों पर सीएम सम्राट चौधरी ने तंज कसते हुए कहा, ‘वो बेचारा है, चलिए उसको करने दीजिए.’

Read more!

बांकीपुर में पार्टी के लिए चिंता की बात- सम्राट

एएनआई के पॉडकास्ट में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बांकीपुर उपचुनाव के नतीजे, बीजेपी की हार और प्रशांत किशोर से जुड़े सवालों पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि एक विधानसभा सीट का उपचुनाव पूरे बिहार के जनादेश को तय नहीं करता. हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि बांकीपुर में पार्टी के लिए चिंता की बात जरूर है और इस पर गंभीरता से काम किया जा रहा है.

‘पार्टी अपनी गलतियों का आत्ममंथन कर रही है’

बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी की हार को लेकर सम्राट चौधरी ने कहा कि पार्टी ने इस परिणाम को गंभीरता से लिया है. उन्होंने स्वीकार किया कि संगठन से गलती हुई है और अब पार्टी के कार्यकर्ता इस पर काम कर रहे हैं. सीएम ने कहा कि बांकीपुर का नतीजा पार्टी के लिए ‘अलार्मिंग’ है. उन्होंने संकेत दिया कि संगठन के स्तर पर कमियों की पहचान कर व्यवस्था को दुरुस्त करने की कोशिश की जाएगी. सम्राट चौधरी ने कहा कि बीजेपी और पार्टी के लोग आत्ममंथन कर रहे हैं. उनके मुताबिक, एक सीट पर हार चिंता का विषय है, इसलिए पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता इस पूरे मामले पर काम कर रहे हैं.

‘एक सीट पूरे बिहार का जनादेश नहीं’

बांकीपुर के नतीजे को लेकर सम्राट चौधरी ने यह भी कहा कि एक उपचुनाव को पूरे बिहार के जनादेश के तौर पर नहीं देखा जा सकता. उन्होंने बिहार में हुए पुराने उपचुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले भी ऐसी परिस्थितियां सामने आई हैं, जब कई सीटों पर हार के बावजूद बाद में विधानसभा चुनाव में बड़ा जनादेश मिला. मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक चुने जाने के बाद जनप्रतिनिधियों को जनता के लिए काम करना होगा. उन्होंने साफ कहा कि जनता का जनादेश काम करने के लिए है और सरकार भी अपना काम करेगी. आखिर में जनता ही तय करेगी कि किसे आगे मौका देना है.

प्रशांत किशोर पर बोले सम्राट- ‘वो बेचारा है’

बांकीपुर चुनाव के दौरान प्रशांत किशोर की ओर से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर किए गए व्यक्तिगत हमलों को लेकर भी सवाल पूछा गया. इस पर सम्राट चौधरी ने कहा कि उनकी किसी से व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है. प्रशांत किशोर पर तंज करते हुए उन्होंने कहा, ‘वो बेचारा है. चलिए उसको करने दीजिए.’ सम्राट चौधरी ने कहा कि वह व्यक्तिगत राजनीति में नहीं जाना चाहते. उनका कहना था कि वह बिहार के लिए काम करने आए हैं और जिसे जो बोलना है, बोलने दिया जाए.


चुनावी रणनीति को लेकर सवाल 

फिलहाल बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी की हार ने पार्टी के सामने संगठन और चुनावी रणनीति को लेकर सवाल जरूर खड़े किए हैं. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी इसे पार्टी के लिए चेतावनी माना है और आत्ममंथन की बात कही है. वहीं, प्रशांत किशोर के साथ उनकी जुबानी सियासी खींचतान भी चर्चा में बनी हुई है.