भोजपुरी सिनेमा की टीआरपी क्वीन अभिनेत्री संजना पांडेय हाल ही में अपनी फिल्म ‘भूतनी का बदला’ की शूटिंग के दौरान एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गईं. फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के बदलापुर, जौनपुर में चल रही है. बताया जा रहा है कि फिल्म के एक सीन में आग का इस्तेमाल किया जाना था और इसी दौरान अचानक आग बेकाबू होकर अभिनेत्री की ओर फैल गई. घटना का वीडियो सामने आने के बाद शूटिंग सेट पर मौजूद लोगों के बीच मची अफरा-तफरी की चर्चा भी फिल्मी गलियारों में होने लगी है.
ADVERTISEMENT
कपड़ों तक पहुंच गई आग
संजना पांडेय के मुताबिक, जिस सीन की शूटिंग हो रही थी, उसमें उन्हें आग के बीच खड़ा होना था. इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत ज्वलनशील सामग्री का इस्तेमाल किया गया था. शूटिंग के दौरान हवा काफी तेज चलने लगी, जिसके कारण आग को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया और लपटें अचानक उनकी ओर आ गईं. देखते ही देखते आग उनके कपड़ों तक पहुंच गई.
अभिनेत्री ने बताया अचानक क्या हुआ?
अभिनेत्री ने बताया कि स्थिति बेहद अचानक बिगड़ी और कुछ ही क्षणों में उनके कपड़ों में आग लग गई. हालांकि शूटिंग यूनिट के क्रू सदस्यों ने तत्काल मोर्चा संभाला और पानी डालकर आग बुझाई. उनकी तत्परता के कारण संजना को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. अभिनेत्री के अनुसार, घटना में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी जानकारी नहीं है. संजना पांडेय ने घटना के बाद राहत की सांस ली और बताया कि वह सुरक्षित हैं.
‘भूतनी का बदला’ फिल्म की शूटिंग
वहीं, संजना पांडेय ने ‘भूतनी का बदला’ को लेकर कहा कि यह फिल्म दर्शकों के लिए मनोरंजन के साथ रोमांच और रहस्य का भी अनुभव लेकर आएगी. उन्होंने कहा कि फिल्म की कहानी और किरदारों को ध्यान में रखते हुए पूरी टीम ने मेहनत की है और शूटिंग के दौरान कई चुनौतीपूर्ण दृश्यों को भी पूरी लगन के साथ फिल्माया गया है. उन्होंने उम्मीद जताई कि फिल्म रिलीज होने के बाद दर्शकों को इसकी कहानी, प्रस्तुति और कलाकारों का काम पसंद आएगा.
जानें कौन हैं संजना पांडे?
संजना पांडेय भोजपुरी सिनेमा की एक प्रसिद्ध अभिनेत्री और गायिका हैं, जिन्हें उनकी शानदार अभिनय क्षमता और टेलीविजन पर मिलने वाली उच्च लोकप्रियता के कारण भोजपुरी सिनेमा की "टीआरपी क्वीन" कहा जाता है. मूल रूप से बिहार के गोपालगंज (सारण प्रमंडल) की रहने वाली संजना पांडेय ने अपने करियर की शुरुआत एक लोक गायिका के तौर पर की थी, जहां वे देवी गीत, छठ गीत और सोहर जैसे भक्ति गीत गाती थीं. इसके बाद उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा और 35 से अधिक फिल्मों में काम किया.
ADVERTISEMENT


