'प्रशांत किशोर BJP के शिखंडी और B-प्लान', बांकीपुर के नतीजों पर RJD प्रवक्ता शक्ति यादव का तीखा हमला

आशीष अभिनव

• 04:38 PM • 07 Aug 2026

बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर की जीत पर RJD प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने इसे BJP की प्रायोजित साजिश करार दिया है. शक्ति यादव ने कहा कि बीजेपी ने तेजस्वी यादव को कमजोर करने के लिए अपनी सुरक्षित सीट का सौदा किया.

शक्ति यादव प्रशांत किशोर
Shakti Yadav Prashant Kishor
Google CTA

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के आए नतीजों के बाद बिहार की सियासत में जुबानी जंग तेज हो गई है. राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने प्रशांत किशोर (जन सुराज) की जीत और राजद पर उठ रहे सवालों को 'प्रायोजित शोर' करार देते हुए भारतीय जनता पार्टी और प्रशांत किशोर पर गंभीर आरोप लगाए हैं. शक्ति यादव ने दावा किया है कि बांकीपुर में बीजेपी की हार कोई इत्तेफाक नहीं, बल्कि तेजस्वी यादव के खिलाफ रचा गया एक सुनियोजित राजनीतिक प्रपंच है.

Read more!

"अपनी मजबूत सीट की बलि देकर B-टीम को स्थापित किया"

शक्ति यादव ने बीजेपी के चुनावी आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो भारतीय जनता पार्टी खुद को अजेय मानती है और 2025 के विधानसभा चुनाव में बांकीपुर सीट 50 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीती थी, वह अचानक कैसे हार गई? उन्होंने कहा कि 2025 में जिस दल को 7,000 वोट भी नहीं मिले थे, वह 2026 में बिना किसी जमीनी कैडर और संघर्ष के अचानक 60 हजार से अधिक वोट कैसे पार कर गया? RJD प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने अपनी हार की स्क्रिप्ट खुद लिखी. तेजस्वी यादव के डर से बीजेपी ने एक डमी प्रत्याशी उतारा और अपनी परंपरागत सीट की बलि देकर अपनी 'B-टीम' को स्थापित किया, ताकि तेजस्वी यादव के खिलाफ एक नकारात्मक नैरेटिव खड़ा किया जा सके.

"शिखंडी की तरह इस्तेमाल हो रहे हैं प्रशांत किशोर"

महाभारत के प्रसंग का जिक्र करते हुए शक्ति यादव ने कहा कि बीजेपी तेजस्वी यादव का सीधे सामना करने से घबराती है. तेजस्वी यादव ने बिहार के युवाओं, शोषितों और जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष किया है. इसी डर से बीजेपी शिखंडी का सहारा ले रही है. उन्होंने आगे कहा, "यह कलयुग है और बिहार की जनता इस B-प्लान को बखूबी समझ चुकी है. चुनाव जीतते ही प्रशांत किशोर की जुबान से बीजेपी की भाषा निकलने लगी और वे रातों-रात मुंबई पहुंच गए, जिससे साफ हो गया कि वे असल में किसके मोहरे हैं. 


"नफरती राजनीति के खिलाफ एकजुट है बिहार"

RJD नेता ने कहा कि बिहार का बहुसंख्यक समाज, दलित, महादलित, पिछड़ा, अति-पिछड़ा और प्रगतिशील वर्ग इस षड्यंत्र को समझ चुका है. उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार का अल्पसंख्यक समाज और धर्मनिरपेक्षता में विश्वास रखने वाला हर वर्ग लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव द्वारा जलाई गई धर्मनिरपेक्षता की मशाल के साथ खड़ा है।शक्ति यादव ने साफ किया कि बिहार की जनता किसी भी 'नफरती साम्राज्य' या गुप्त एजेंडे को बर्दाश्त नहीं करेगी और सही वक्त आने पर इस राजनीतिक साजिश का करारा जवाब देगी.