Supaul Accident: कीर्तन-भजन कर रहे 6 लोगों को कार ने कुचला, 5 की मौत; एक साथ शव पहुंचने पर गांव में मचा कोहराम

आशीष अभिनव

• 11:51 AM • 26 Aug 2026

Supaul Road Accident: सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने कीर्तन-भजन कर रहे 6 लोगों को कुचल दिया. हादसे में 5 लोगों की मौत के बाद गांव में मातम है.

Supaul Accident
Supaul Accident
Google CTA

सुपौल: बिहार के सुपौल जिले में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे के बाद एक गांव में मातम पसरा हुआ है. पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया चौक के पास NH-327E किनारे हनुमान मंदिर के सामने कीर्तन-भजन कर रहे लोगों को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया. हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति का इलाज जारी बताया गया है. हादसे के बाद जब एक साथ पांच शव गांव पहुंचे तो पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और कई घरों में चूल्हा तक नहीं जला.

Read more!

कीर्तन-भजन के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, देर रात कुछ लोग NH-327E के किनारे स्थित हनुमान मंदिर के पास कीर्तन और भजन कर रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार और बेकाबू कार वहां पहुंची और छह लोगों को अपनी चपेट में ले लिया.टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे में तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं, गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. इलाज के दौरान दो और घायलों ने दम तोड़ दिया. इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या पांच हो गई.

एक साथ पांच शव पहुंचने से गांव में मातम

हादसे के बाद जब पांच मृतकों के शव गांव पहुंचे तो माहौल गमगीन हो गया. एक साथ पांच परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. परिजन लगातार रोते-बिलखते नजर आए. गांव में हर तरफ मातम का माहौल है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. जिस जगह लोग धार्मिक कार्यक्रम में जुटे थे, वहीं तेज रफ्तार कार ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं.

जेडीयू विधायक ने की कड़ी कार्रवाई और मुआवजे की मांग

घटना को लेकर पिपरा से जेडीयू विधायक राम विलास कामत ने गहरा दुख जताया है. उन्होंने प्रशासन से हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. विधायक ने मृतकों के परिजनों को जल्द से जल्द मुआवजा उपलब्ध कराने की भी मांग की है. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत मिलनी चाहिए.