लाखों का कैश, 81 लाख के गहने और जमीनों के अंबार, सरकारी इंजीनियर की खुली पोल

हर्षिता सिंह

• 11:49 AM • 12 Aug 2026

बिहार के बांका में पदस्थापित कार्यपालक अभियंता हरेन्द्र कुमार के पटना और वैशाली समेत 4 ठिकानों पर SVU की बड़ी छापेमारी! लाखों कैश, 81 लाख के गहने और 1.43 करोड़ से अधिक की अचल संपत्ति का खुलासा।

NewsTak
Google CTA

बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (SVU - Special Vigilance Unit) का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है. इसी कड़ी में बुधवार को SVU की टीम ने लघु जल संसाधन विभाग, बांका प्रमंडल में पदस्थापित कार्यपालक अभियंता हरेन्द्र कुमार के 4 अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की.अपने पद का दुरुपयोग कर अकूत काली कमाई और अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करने के मामले में SVU ने यह बड़ी कार्रवाई की है. छापेमारी के दौरान पटना, वैशाली और बांका स्थित परिसरों से लाखों का कैश, भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, लग्जरी गाड़ियां और करोड़ों की जमीन के दस्तावेज बरामद हुए हैं.

Read more!

पटना से वैशाली और बांका तक 4 ठिकानों पर रेड

निगरानी इकाई को सत्यापन के दौरान कार्यपालक अभियंता द्वारा अवैध संपत्ति अर्जित करने के पुख्ता सबूत मिले थे. इसके बाद गठित विशेष टीमों ने एक साथ निम्नलिखित 4 ठिकानों पर दबिश दी:

  1. पटना: फ्लैट नंबर 307, जनक नंदिनी अपार्टमेंट, महावीर नगर (थाना- पत्रकार नगर).
  2. पटना: बेउर चौराहा स्थित छह मंजिला आलीशान मकान (थाना- बेउर).
  3. वैशाली: ग्राम सिमरवारा (थाना- पातेपुर) स्थित पैतृक आवास.
  4. बांका: कार्यपालक अभियंता, लघु जल संसाधन विभाग का बांका स्थित कार्यालय.

रेड में क्या-क्या हुआ बरामद? (आधिकारिक आंकड़े)

तलाशी अभियान के दौरान अभियुक्त हरेन्द्र कुमार और उनकी पत्नी कुमारी सोनी के नाम पर काली कमाई के कई सबूत मिले हैं:नकद (Cash): पटना स्थित जनक नंदिनी अपार्टमेंट वाले फ्लैट से ₹9,50,000 तथा वैशाली स्थित पैतृक घर से ₹3,42,500 नकद (कुल ₹12,92,500 लाख रुपये कैश) बरामद किए गए.

सोने-चांदी के आभूषण: लगभग ₹81,00,000 (81 लाख रुपये) मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण जब्त किए गए हैं.

गाड़ियां और वाउचर: एक क्विड (Kwid) रेनॉ कार, होंडा यूनिकॉर्न बाइक, यामाहा फैशिनो स्कूटी के साथ-साथ कीमती सामानों की खरीदारी से जुड़े कई बिल और वाउचर मिले हैं.

बैंक खाते: आरोपी और उनकी पत्नी के नाम पर SBI, बैंक ऑफ बड़ौदा और बंधन बैंक में कुल 5 बैंक खातों का पता चला है, जिनमें बड़ी धनराशि जमा होने की संभावना है.

₹1.43 करोड़ से अधिक की 8 अचल संपत्तियों/डीड का खुलासा

डॉक्यूमेंट्स की जांच में अभियंता और उनकी पत्नी के नाम पर पटना, वैशाली और मीठापुर जैसे प्राइम लोकेशनों पर खरीदी गई जमीनों और फ्लैटों के दस्तावेज (Deed) बरामद हुए हैं, जिनकी कुल सरकारी/रजिस्टर्ड कीमत ₹1,43,33,000 (1.43 करोड़ से अधिक) दर्ज है:

  1. बेउर चौराहा (पटना): प्लॉट डीड नंबर-9333 (कीमत: ₹12.47 लाख)
  2. पातेपुर (वैशाली): प्लॉट डीड नंबर-710 (कीमत: ₹3.12 लाख)
  3. महावीर नगर (पटना): जनक नंदिनी अपार्टमेंट में फ्लैट न०-307, डीड नंबर-8106 (कीमत: ₹71.72 लाख)
  4. संपतचक (पटना): जमीन का प्लॉट डीड नंबर-2380 (कीमत: ₹4.38 लाख)
  5. दानापुर (पटना): जमीन का प्लॉट डीड नंबर-11780 (कीमत: ₹15.00 लाख)
  6. महुआ, पातेपुर (वैशाली): प्लॉट डीड नंबर-275 (कीमत: ₹5.50 लाख)
  7. मीठापुर (पटना): अंशुल होम्स 7 प्लैनेट में फ्लैट न०-207 (कीमत: ₹26.76 लाख)
  8. फजीलाबाद, परसा (पटना): 1.56 डिसमिल भूखंड डीड संख्या-9089 (कीमत: ₹4.38 लाख)

जांच जारी, SVU ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

विशेष निगरानी इकाई की टीमें फिलहाल जब्त दस्तावेजों की स्क्रूटनी और जांच में जुटी हुई हैं. SVU अधिकारियों का कहना है कि कागजात और बैंक खातों के खंगालने के बाद बेनामी संपत्ति का यह आंकड़ा और बढ़ सकता है.इसके साथ ही, विशेष निगरानी इकाई ने आम जनता के लिए अपील जारी करते हुए कहा है कि यदि कोई भी सरकारी सेवक रिश्वत मांगता है, तो कार्यालय अवधि में दूरभाष नंबर 0612-2506253 या मोबाइल नंबर 9031633644 पर सीधी शिकायत दर्ज करा सकते हैं.