बिहार के 6 लाख शिक्षकों के नाम शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का खास पत्र, खत में क्या लिखा ?

ऋचा शर्मा

• 06:45 PM • 06 Sep 2026

शिक्षक दिवस पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने राज्य के करीब छह लाख शिक्षकों के नाम विशेष पत्र जारी किया. उन्होंने शिक्षकों को समाज और राष्ट्र निर्माण का प्रथम शिल्पकार बताया. पत्र में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन और नालंदा की गौरवशाली ज्ञान परंपरा का भी जिक्र किया गया. मंत्री ने "विकसित भारत @2047" के लक्ष्य में शिक्षकों की भूमिका को अहम बताया. साथ ही शिक्षकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिया.

NewsTak
Google CTA

शिक्षक दिवस के मौके पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने राज्य के करीब छह लाख शिक्षकों के नाम विशेष पत्र जारी किया. इस पत्र में उन्होंने शिक्षकों के योगदान को नमन करते हुए उन्हें समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे अहम कड़ी बताया. शिक्षा मंत्री ने अपने पत्र में कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं होता, बल्कि वह जीवन को दिशा देने वाला, संस्कारों का वाहक, व्यक्तित्व गढ़ने वाला और राष्ट्र निर्माण का प्रथम शिल्पकार होता है.

Read more!

डॉ. राधाकृष्णन को किया याद

पत्र की शुरुआत भारतीय परंपरा में गुरु के महत्व के उल्लेख से हुई. मिथिलेश तिवारी ने पूर्व राष्ट्रपति और महान दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि शिक्षक दिवस सिर्फ उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और अपनी जिम्मेदारियों पर आत्ममंथन करने का दिन भी है.

नालंदा की ज्ञान परंपरा का जिक्र

शिक्षा मंत्री ने बिहार की ऐतिहासिक ज्ञान परंपरा का भी उल्लेख किया. उन्होंने नालंदा की गौरवशाली विरासत को याद करते हुए कहा कि बिहार केवल एक भौगोलिक इकाई नहीं, बल्कि सदियों पुरानी ज्ञान परंपरा की भूमि है. उन्होंने कहा कि इस विरासत को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप मजबूत करने की जरूरत है. शिक्षा व्यवस्था में ज्ञान के साथ संस्कार, विज्ञान के साथ विवेक और तकनीक के साथ मानवीय संवेदना का संतुलन होना चाहिए.

'विकसित भारत @2047" में शिक्षकों की बड़ी भूमिका'

मिथिलेश तिवारी ने शिक्षकों की भूमिका को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "विकसित भारत @2047" के संकल्प से भी जोड़ा. उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है. शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, डिजिटल लर्निंग, कौशल विकास और नैतिक मूल्यों पर विशेष ध्यान देने की अपील की.

हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने का भरोसा

मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार हर बच्चे तक आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. स्कूलों में विज्ञान, गणित और तकनीक के प्रति बच्चों की रुचि बढ़ाने के साथ कौशल और व्यावसायिक शिक्षा को भी बढ़ावा दिया जाएगा.

शिक्षकों को पटना आने की जरूरत नहीं

शिक्षक दिवस के कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों की समस्याओं के समाधान को लेकर भी अहम घोषणा की. उन्होंने कहा कि शिक्षकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अब बार-बार पटना आने की जरूरत नहीं पड़ेगी. मंत्री के मुताबिक, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर शिक्षा विभाग शिक्षकों की शिकायतों के तेजी से निपटारे की दिशा में काम कर रहा है. पत्र के अंत में शिक्षा मंत्री ने सभी शिक्षकों को सम्मान और गरिमा का भरोसा दिलाते हुए शिक्षा के क्षेत्र में नए संकल्प के साथ आगे बढ़ने की अपील की.