Teacher's Day: सीएम सम्राट के बड़े ऐलान, शिक्षकों के वेतनमान से प्रशिक्षण तक कई अहम फैसले

आशीष अभिनव

• 04:25 PM • 05 Sep 2026

Teacher's Day 2026: शिक्षक दिवस के मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रदेश के शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं और शिक्षा के क्षेत्र में सरकार के कई बड़े संकल्पों का ऐलान किया.

samrat chaudhary
सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री, बिहार
Google CTA

Teacher's Day 2026: शिक्षक दिवस के मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रदेश के शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं और शिक्षा के क्षेत्र में सरकार के कई बड़े संकल्पों का ऐलान किया. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए शिक्षक प्रशिक्षण, शिक्षकों के वेतनमान, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उच्च शिक्षा से जुड़े सरकार के प्रस्तावों की जानकारी दी. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में शिक्षकों के बेहतर प्रशिक्षण और क्षमता विकास के लिए 'शिक्षक प्रशिक्षण विश्वविद्यालय' की स्थापना की जाएगी. इसका मकसद शिक्षकों को आधुनिक शिक्षा व्यवस्था और नई तकनीकों के अनुरूप तैयार करना है.

Read more!

शिक्षकों के प्रशिक्षण पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री के मुताबिक, बदलते दौर में शिक्षा व्यवस्था के साथ शिक्षकों का अपडेट रहना बेहद जरूरी है. इसी को ध्यान में रखते हुए शिक्षक प्रशिक्षण विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी. यहां शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों के साथ-साथ नई तकनीक और बदलते शैक्षणिक जरूरतों के मुताबिक प्रशिक्षण देने पर जोर रहेगा.

वित्त रहित शिक्षकों के वेतनमान का भी ऐलान

शिक्षक दिवस के मौके पर वित्त रहित शिक्षकों के वेतनमान को लेकर भी बड़ा संकेत दिया गया है. लंबे समय से वित्त रहित शिक्षक वेतनमान और आर्थिक सुरक्षा की मांग करते रहे हैं. सरकार के इस ऐलान से इन शिक्षकों को राहत मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा मुख्यमंत्री ने लंबित वेतन भुगतान को लेकर भी सरकार की प्रतिबद्धता जताई है. यानी जिन शिक्षकों का वेतन किसी वजह से लंबित है, उनके भुगतान की प्रक्रिया को लेकर भी सरकार की ओर से पहल की बात कही गई है.

शिक्षकों को AI की ट्रेनिंग

शिक्षा व्यवस्था में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए शिक्षकों को AI ट्रेनिंग देने की योजना भी सामने रखी गई है. इसका उद्देश्य शिक्षकों को नई तकनीक से परिचित कराना और पढ़ाई में तकनीक के बेहतर इस्तेमाल के लिए तैयार करना है.

BHU सेंटर को लेकर भी बड़ा प्लान

उच्च शिक्षा के क्षेत्र में BHU सेंटर से जुड़ी योजना का भी जिक्र किया गया है. इसके जरिए बिहार में उच्च शिक्षा के अवसरों को और बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने की बात कही गई है.शिक्षक दिवस पर किए गए इन ऐलानों से साफ है कि बिहार सरकार शिक्षा व्यवस्था में शिक्षक प्रशिक्षण से लेकर तकनीकी दक्षता और शिक्षकों की आर्थिक स्थिति तक कई स्तरों पर बदलाव की दिशा में आगे बढ़ने का दावा कर रही है. अब निगाह इस बात पर रहेगी कि इन घोषणाओं को जमीन पर कब तक लागू किया जाता है और शिक्षकों को इनका वास्तविक लाभ कब से मिलना शुरू होता है.

सीएम सम्राट की 5 बड़ी घोषणाएं 

  • 1. शिक्षकों के बेहतर प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास के लिए "शिक्षक प्रशिक्षण विश्वविद्यालय" की स्थापना की जाएगी.
  • 2. वित्त रहित शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए उनके लिए अलग से वेतनमान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी.
  • 3. Microsoft, Google एवं Sarvam AI जैसी अग्रणी तकनीकी संस्थाओं के सहयोग से बिहार में आधुनिक AI इकोसिस्टम विकसित किया जाएगा तथा शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की नवीनतम तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा.
  • 4. बिहार के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य में BHU (Banaras Hindu University) का सेंटर स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा.
  • 5. मदरसा एवं संस्कृत बोर्ड के शिक्षकों के लंबित वेतन का भुगतान जारी कर दिया गया है, ताकि शिक्षकों को समय पर उनका पारिश्रमिक प्राप्त हो सके.