कौन हैं प्रिया सिंह वत्स? तेज प्रताप ने सौंपी JJD की बड़ी जिम्मेदारी

ऋचा शर्मा

• 04:48 PM • 08 Sep 2026

तेज प्रताप यादव ने जनशक्ति जनता दल में बड़ा फैसला लेते हुए प्रिया सिंह वत्स को पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है. तेज प्रताप ने प्रिया के सांगठनिक अनुभव, वाकपटुता और पार्टी के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है. प्रिया सिंह वत्स इससे पहले VIP की प्रदेश प्रवक्ता रह चुकी हैं और सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर मुखर रही हैं. वह सामाजिक कार्यों के साथ डिजिटल कंटेंट और आर्ट क्रिएशन से भी जुड़ी रही हैं. अब JJD की राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर प्रिया सिंह वत्स की भूमिका बिहार की राजनीति में काफी अहम मानी जा रही है.

NewsTak
Google CTA

बिहार की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रहे तेज प्रताप यादव ने एक बार फिर बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया है. जनशक्ति जनता दल यानी JJD में प्रिया सिंह वत्स को राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है. तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए उनकी नियुक्ति का ऐलान किया और उम्मीद जताई कि प्रिया सिंह अपनी वाकपटुता, राजनीतिक अनुभव और संगठनात्मक समझ के जरिए पार्टी की आवाज को मजबूती से जनता तक पहुंचाएंगी.

Read more!

तेज प्रताप का बड़ा फैसला, प्रिया को मिली अहम जिम्मेदारी

तेज प्रताप यादव की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि पार्टी ने सर्वसम्मति से प्रिया सिंह वत्स को राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है. पार्टी का दावा है कि उनके सांगठनिक अनुभव, वाकपटुता और पार्टी की नीतियों के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए यह जिम्मेदारी दी गई है. तेज प्रताप ने प्रिया सिंह को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ जिम्मेदारी निभाएंगी.

यानी साफ है कि तेज प्रताप ने पार्टी की बात जनता और मीडिया तक पहुंचाने के लिए एक ऐसे चेहरे पर भरोसा जताया है, जो पिछले कुछ समय से बिहार के राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर मुखर नजर आती रही हैं.

कौन हैं प्रिया सिंह वत्स?

प्रिया सिंह वत्स का राजनीतिक सफर किसी एक पार्टी तक सीमित नहीं रहा है. वह अलग-अलग राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ी रही हैं. मौजूदा समय में वह जनशक्ति जनता दल की राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं. इससे पहले प्रिया सिंह वत्स विकासशील इंसान पार्टी यानी VIP की प्रदेश प्रवक्ता रह चुकी हैं. VIP से जुड़े रहने के दौरान भी वह राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात खुलकर रखती थीं.

इसके अलावा वह श्री राजपूत करणी सेना की महिला प्रदेश उपाध्यक्ष के तौर पर भी जुड़ी हुई हैं. उनके सोशल मीडिया और सार्वजनिक कार्यक्रमों में अलग-अलग राजनीतिक नेताओं और संगठनों से जुड़े लोगों के साथ तस्वीरें भी सामने आती रही हैं.

RJD से लेकर कांग्रेस नेताओं तक दिखीं

प्रिया सिंह वत्स के राजनीतिक संपर्कों का दायरा भी चर्चा में रहा है. उनकी आरजेडी कार्यालय से जुड़ी तस्वीरें सामने आई हैं. वह तेजस्वी यादव के साथ मंच पर भी नजर आ चुकी हैं. इसके अलावा कांग्रेस नेताओं के साथ भी उनकी तस्वीरें सामने आई हैं. जेडीयू से जुड़े नेता रहे श्याम रजक के साथ भी उनकी तस्वीरें चर्चा में रही हैं. हालांकि, उनका मौजूदा राजनीतिक दायित्व जनशक्ति जनता दल के साथ है और अब तेज प्रताप यादव ने उन्हें पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता की अहम जिम्मेदारी सौंपी है.

सामाजिक मुद्दों पर भी रही हैं मुखर

प्रिया सिंह वत्स की पहचान सिर्फ राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित नहीं रही है. वह सामाजिक न्याय और पीड़ित परिवारों से जुड़े मुद्दों को भी उठाती रही हैं. भोजपुर के भरत भूषण तिवारी से जुड़े कथित एनकाउंटर मामले में भी उन्होंने आवाज उठाई थी. भरत भूषण तिवारी की मौत के बाद प्रिया उनके पैतृक गांव बिलौटी पहुंची थीं और परिवार से मुलाकात कर हर संभव मदद का भरोसा दिया था. पटना के बंटी यादव हत्याकांड जैसे मामलों में भी वह पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की बात कह चुकी हैं. यही वजह है कि उनकी राजनीति में सामाजिक मुद्दों की भी एक स्पष्ट मौजूदगी दिखाई देती है.

कंटेंट क्रिएटर के तौर पर भी पहचान

राजनीति और सामाजिक गतिविधियों के अलावा प्रिया सिंह वत्स डिजिटल कंटेंट और आर्ट क्रिएशन से भी जुड़ी रही हैं. सोशल मीडिया पर उनकी सक्रियता काफी दिखाई देती है. उनकी मुखर शैली और सोशल मीडिया पर अपनी बात रखने की क्षमता को देखते हुए राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी उनके लिए अहम मानी जा रही है.

बांकीपुर चुनाव में भी चर्चा में रही थीं

प्रिया सिंह वत्स इससे पहले बांकीपुर विधानसभा सीट को लेकर दिए गए अपने बयानों के कारण भी चर्चा में आई थीं. उस समय वह विकासशील इंसान पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता थीं. उन्होंने बांकीपुर में प्रशांत किशोर की पार्टी को हराने की बात कही थी. उनके इस बयान ने बिहार की राजनीति में उनकी सक्रियता को लेकर चर्चा तेज कर दी थी. अब राजनीतिक परिस्थितियां बदल चुकी हैं और वह तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल की राष्ट्रीय प्रवक्ता बन गई हैं.

तेज प्रताप के लिए क्यों अहम है यह नियुक्ति?

तेज प्रताप यादव लगातार अपनी अलग राजनीतिक पहचान और संगठन को मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसे में किसी पार्टी के लिए राष्ट्रीय प्रवक्ता की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होती है. प्रवक्ता ही पार्टी के फैसलों, नीतियों और राजनीतिक संदेश को मीडिया और जनता तक पहुंचाता है. विपक्ष के सवालों का जवाब देने से लेकर पार्टी का पक्ष मजबूती से रखने तक, प्रवक्ता की भूमिका अहम होती है. ऐसे में प्रिया सिंह वत्स को राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाकर तेज प्रताप यादव ने उन्हें पार्टी के सबसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक चेहरों में शामिल कर दिया है.
अब देखना होगा कि प्रिया सिंह वत्स इस नई जिम्मेदारी के बाद जनशक्ति जनता दल की राजनीति को किस तरह जनता के बीच रखती हैं और बिहार की सियासत में तेज प्रताप की पार्टी की आवाज को कितना प्रभावी बना पाती हैं.