लालू यादव के बेटे तेज प्रताप यादव का बड़ा दावा, बोले- मेरी हत्या की रची जा रही साजिश!

न्यूज तक डेस्क

01 Sep 2026 (अपडेटेड: Sep 1 2026 2:06 PM)

'भोजपुरी बवाल' शो में तेज प्रताप यादव ने अपनी हत्या की साजिश रचे जाने और सुरक्षा हटाए जाने का गंभीर दावा कर हलचल मचा दी है. उन्होंने हरियाणा के एक 'जयचंद' और अपने पूर्व पीए पर गद्दारी करने तथा पार्टी का फंड लेकर भागने का आरोप लगाया है.

तेज प्रताप
तेज प्रताप
Google CTA

लालू प्रसाद यादव के बड़े लाल और अपनी अलग सियासत के लिए पहचाने जाने वाले तेज प्रताप यादव एक बार फिर जबरदस्त सुर्खियों में हैं. राजनीति के गलियारों से निकलकर इन दिनों वे मनोरंजन की दुनिया में अपना 'जलवा' बिखेर रहे हैं. उनके शो 'भोजपुरी बवाल' को दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है, जहां फैंस को तेज प्रताप का एकदम बेबाक और असली अंदाज देखने को मिल रहा है. लेकिन इसी शो के दौरान उन्होंने एक ऐसा बयान दे दिया है, जिसने बिहार से लेकर दिल्ली तक की राजनीति में खलबली मचा दी है.

Read more!

दिल्ली में रची जा रही है हत्या की साजिश

शो के एक ताजा प्रोमो में तेज प्रताप ने अपनी जान पर खतरे का गंभीर दावा ठोक दिया है. उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि हरियाणा के एक 'जयचंद' ने दिल्ली के एक बड़े नेता के साथ साठगांठ करके केंद्र में उनकी सुरक्षा हटवा दी है. अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए तेज प्रताप ने कहा, "हमें लगातार धमकियां मिल रही हैं. काम के सिलसिले में हमें जगह-जगह जाना पड़ता है. कौन कहां गाड़ी में बम या डायनामाइट लगा दे, कोई नहीं जानता. ऐसा लगता है कि यह जयचंद मेरी हत्या करवाकर ही दम लेगा."

पूर्व PA पर 20 लाख रुपये लेकर भागने का आरोप

तेज प्रताप का गुस्सा यहीं नहीं थमा. उन्होंने आरोप लगाया कि इस 'जयचंद' की नजर RJD के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की कुर्सी पर है. इसके साथ ही उन्होंने अपने पूर्व पीए (पर्सनल असिस्टेंट) मोतीलाल पर भी गद्दारी का आरोप मढ़ा. तेज प्रताप के मुताबिक, मोतीलाल विरोधियों से हाथ मिला चुका था और पार्टी के फंड से 20 लाख रुपये ऐंठकर फरार हो गया. उन्होंने मोतीलाल से भी अपनी जान को खतरा बताया है.

परिवार से दूरी पर भी छलक चुका है दर्द

यह पहली बार नहीं है जब 'भोजपुरी बवाल' में तेज प्रताप का यह रूप दिखा हो. इससे पहले भी वे इस मंच से अपनी जिंदगी के कई अनछुए पहलुओं को सामने रख चुके हैं. अपने पिता लालू यादव और भाई तेजस्वी यादव के साथ रिश्तों में आई कड़वाहट पर भी वे दिल खोलकर बात कर चुके हैं. उन्होंने साफ शब्दों में कहा था कि अपनों ने ही उन्हें धोखे में रखा.

फिलहाल, तेज प्रताप के इस नए खुलासे के बाद उनके समर्थकों और चाहने वालों की नींद उड़ी हुई है. सोशल मीडिया पर फैंस लगातार उनकी सुरक्षा को लेकर फिक्र जता रहे हैं और उन्हें अपना ध्यान रखने की सलाह दे रहे हैं.

ये भी पढ़ें: UPSC-BPSC क्रैक करने पर अब General, EWS और OBC की बेटियों को भी बिहार सरकार देगी आर्थिक मदद