लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव इन दिनों अपने शो 'भोजपुरी बवाल' को लेकर चर्चा में हैं. राजनीति के बाद अब शोबिज की दुनिया में नजर आ रहे तेज प्रताप शो में अपनी निजी जिंदगी, परिवार और राजनीतिक सफर से जुड़े कई खुलासे कर रहे हैं. अब शो के एक प्रोमो में उनके एक दावे ने सियासी और सोशल मीडिया गलियारों में हलचल बढ़ा दी है.तेज प्रताप यादव ने दावा किया है कि उनकी जान को खतरा है और उनकी हत्या कराने की साजिश रची जा रही है. शो के प्रोमो में तेज प्रताप सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए नजर आते हैं.
ADVERTISEMENT
'मेरी हत्या करवाएगा तभी ये लोग मानेंगे'
प्रोमो में तेज प्रताप यादव कहते हैं कि हरियाणा के एक व्यक्ति, जिसे उन्होंने 'जयचंद' बताया, ने दिल्ली में एक बड़े नेता के साथ मिलकर केंद्र में उनकी सुरक्षा हटवा दी. तेज प्रताप का दावा है कि उन्हें लगातार धमकियां भी मिलती हैं और उन्हें अलग-अलग जगहों पर जाना पड़ता है. इसी दौरान उन्होंने आशंका जताई कि कोई उनकी गाड़ी या रास्ते में विस्फोटक लगाकर उन्हें नुकसान पहुंचा सकता है.उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि यही 'जयचंद' उनकी हत्या करवाना चाहता है और इसके बाद ही ये लोग मानेंगे.
PA पर भी लगाए गंभीर आरोप
तेज प्रताप यादव ने अपने पूर्व पीए मोतीलाल को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि मोतीलाल उनके विरोधियों के संपर्क में था और उसने उनके साथ गद्दारी की. तेज प्रताप के मुताबिक, उनका पीए पार्टी का 20 लाख रुपये का फंड लेकर भाग गया. उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें मोतीलाल से अपनी जान का खतरा है.हालांकि, ये सभी आरोप तेज प्रताप यादव की ओर से लगाए गए दावे हैं. इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है.
'जयचंद' को लेकर क्या बोले तेज प्रताप?
शो के दौरान तेज प्रताप ने 'जयचंद' को लेकर भी बड़ा दावा किया. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ राजनीतिक साजिश की जा रही है और 'जयचंद' की नजर आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर है. तेज प्रताप के इन बयानों के बाद उनके समर्थकों और फैंस के बीच चर्चा तेज हो गई है. प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोग उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर कर रहे हैं और उन्हें अपना खास ध्यान रखने की सलाह दे रहे हैं.
परिवार से रिश्तों पर भी कर चुके हैं खुलकर बात
ये पहली बार नहीं है जब तेज प्रताप यादव ने 'भोजपुरी बवाल' में अपनी निजी जिंदगी को लेकर चौंकाने वाले दावे किए हों. इससे पहले वह पिता लालू प्रसाद यादव और भाई तेजस्वी यादव के साथ अपने रिश्तों को लेकर भी खुलकर बात कर चुके हैं. तेज प्रताप ने परिवार के साथ रिश्तों में आई दूरी और कथित धोखे को लेकर भी अपना दर्द जाहिर किया था. अब उनकी सुरक्षा, हत्या की साजिश और अपने पूर्व पीए को लेकर किए गए दावों ने एक बार फिर उन्हें सुर्खियों में ला दिया है. फिलहाल, तेज प्रताप यादव के इन दावों पर संबंधित लोगों या अन्य पक्षों की प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है.
ADVERTISEMENT


