बिहार की राजनीति में अपनी अलग पहचान रखने वाले लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह कोई राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि उनका एक वीडियो कॉल है. कभी बाबा बागेश्वर यानी धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का खुला विरोध करने वाले तेज प्रताप ने अब खुद उनसे अपना भविष्य जानने के लिए बातचीत की है. इस पूरी बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. विस्तार से जानिए पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
'बाबा मेरा राजनीतिक करियर देख लीजिए'
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में तेज प्रताप यादव बाबा बागेश्वर से वीडियो कॉल पर बात करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में तेज प्रताप बड़ी विनम्रता के साथ कह रहे हैं, 'बाबा, मेरा राजनीतिक फ्यूचर जरा देख लीजिएगा.' यह वही तेज प्रताप हैं जो कभी राजनीति में सक्रिय थे, लेकिन फिलहाल अपनी पार्टी बनाने के बावजूद मुख्यधारा की राजनीति से कुछ दूर नजर आ रहे हैं.
बाबा बागेश्वर का जवाब: 'साथ बैठेंगे तो देखेंगे'
तेज प्रताप के इस सवाल पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी उन्हें आश्वासन दिया. बाबा बागेश्वर ने वीडियो कॉल पर कहा, 'बिल्कुल, पक्का. जब आप यहां आएंगे, तो हम और आप साथ बैठेंगे. दो मिनट आपके साथ बैठूंगा और आपका फ्यूचर देखूंगा.' बाबा ने साफ किया कि भविष्य पर विस्तार से चर्चा आमने-सामने बैठकर ही होगी.
विरोध से विश्वास तक का सफर
यह वीडियो इसलिए भी चर्चा का विषय बना हुआ है क्योंकि तेज प्रताप यादव पहले बाबा बागेश्वर के सबसे मुखर विरोधियों में से एक थे. उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री के बिहार आगमन पर कड़ी चेतावनी दी थी और खुद को उनसे भी बड़ा बाबा बताया था. उनके उस बयान पर काफी विवाद हुआ था. लेकिन अब उनके बदले हुए सुर और बाबा बागेश्वर के प्रति उनकी आस्था देखकर राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
राजनीति से दूर, अध्यात्म की ओर?
लालू के बड़े लाल तेज प्रताप यादव फिलहाल अपनी पार्टी 'जनशक्ति जनता दल' को स्थापित करने की कोशिशों में लगे हैं. महुआ से चुनाव लड़ने के बाद अब वह राजनीति में अपना भविष्य तलाश रहे हैं. कभी वह ब्लॉगर के रूप में नजर आते हैं, तो कभी पूरी तरह अध्यात्म में डूबे हुए. फिलहाल बिहार की सक्रिय राजनीति से दूरी और करियर की चिंता उन्हें बाबा बागेश्वर की शरण में ले गई है. अब देखना होगा कि जब तेज प्रताप यादव और बाबा बागेश्वर की मुलाकात होती है, तो बाबा उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर क्या पर्चा निकालते हैं.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


