'सम्राट चौधरी के आने से ओरिजिनल भाजपाई ठगे गए', तेजस्वी यादव ने दावा करते हुए गिनाए नाराज नेताओं के नाम 

Tejashwi Yadav on Samrat Choudhary: बिहार विधानसभा में विश्वास मत के दौरान तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोलते हुए बीजेपी में 'ओरिजिनल बनाम बाहरी' नेताओं की बहस छेड़ दी. उन्होंने दावा किया कि पुराने भाजपाई खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं और कई वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी अब खुलकर सामने आ रही है. जानिए तेजस्वी के आरोपों से कैसे बिहार की सियासत गरमा गई है.

Tejashwi Yadav statement
तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी पर कसा तंज

आशीष अभिनव

follow google news

बिहार विधानसभा में विश्वास मत के दौरान तेजस्वी यादव ने एक बड़ा राजनीतिक दांव चलते हुए बीजेपी के भीतर 'भीतरी बनाम बाहरी' की बहस को हवा दे दी है. तेजस्वी ने दावा किया कि सम्राट चौधरी को कमान मिलने से भाजपा के पुराने और समर्पित नेता, जिन्हें उन्होंने 'ओरिजिनल भाजपाई' कहा, बेहद दुखी और ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं. तेजस्वी के इस बयान ने सदन से लेकर सियासी गलियारों तक खलबली मचा दी है.

Read more!

'लालू की पाठशाला' बनाम 'ओरिजिनल भाजपा'

तेजस्वी यादव ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के राजनीतिक अतीत को कुरेदते हुए कहा कि वे तो लालू प्रसाद यादव की पाठशाला से निकले हुए छात्र हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज सरकार में जो लोग शीर्ष पर बैठे हैं, वे बीजेपी के मूल कार्यकर्ता नहीं हैं. तेजस्वी के मुताबिक, 'सम्राट चौधरी राजद से आए, विजय चौधरी कांग्रेस से और विजेंद्र यादव जदयू से. ऐसे में जो लोग सालों से पार्टी का झंडा ढो रहे हैं, वे आज खुद को उपेक्षित पा रहे हैं.' 

इन कद्दावर नेताओं का लिया नाम, बताया 'पीड़ित'

तेजस्वी ने सदन में बीजेपी के कई दिग्गज नेताओं का नाम लेकर उन्हें पीड़ित बताया. उन्होंने कहा कि प्रेम कुमार, नंद किशोर यादव, गिरिराज सिंह और अश्विनी चौबे जैसे नेताओं ने सरकार में आने के लिए जो त्याग किया, उसका फल उन्हें नहीं मिला. तेजस्वी ने सीधे तौर पर कहा कि आरएसएस (RSS) और पुराने भाजपाई सम्राट चौधरी के नेतृत्व से संतुष्ट नहीं हैं और यह असंतोष आने वाले समय में पार्टी के लिए सिरदर्द बन सकता है.

'पगड़ी पर विजय सिन्हा की नजर है'

सदन में चुटीले अंदाज में प्रहार करते हुए तेजस्वी ने सम्राट चौधरी को अपनी पगड़ी संभालकर रखने की सलाह दी. उन्होंने कहा, 'आपने भले ही अपना संकल्प पूरा कर पगड़ी उतार ली हो, लेकिन उसे संभालकर रखिएगा क्योंकि आपके बगल में बैठे विजय सिन्हा जी की नजर उसी पगड़ी पर है.' तेजस्वी ने संकेत दिया कि बीजेपी के भीतर नंबर-2 की कुर्सी के लिए मची खींचतान अभी थमी नहीं है.

'अजूबा स्टेट' में ठगे गए पुराने कार्यकर्ता

तेजस्वी ने बिहार को 'अजूबा स्टेट' बताते हुए कहा कि यहां 5 साल में पांच बार सरकारें बदली हैं, लेकिन इस बार की सरकार में बीजेपी के पुराने कार्यकर्ताओं को कुछ हासिल नहीं हुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए के इस शासन में इलेक्टेड चेहरे को हटाकर सिलेक्टेड चेहरों को ऊपर बिठा दिया गया है, जिससे पार्टी का जमीनी कार्यकर्ता खुद को असहाय महसूस कर रहा है.

यहां देखें वीडियो

Bihar Assembly Confidence Motion: 'इलेक्टेड CM को सिलेक्टेड ने हटाया'...तेजस्वी के बयान पर मचा हंगामा

    follow google news